जिला अस्पताल में शुरू होगी थायराइड जांच, मरीजों को मिलेगी बड़ी राहत
Shamli News - जिला अस्पताल में अब थायराइड जांच की सुविधा उपलब्ध होगी। शासन ने आवश्यक मशीन अस्पताल को दी है, जिससे मरीजों को निजी लैब में महंगी जांच नहीं करानी पड़ेगी। इससे गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को समय पर जांच और इलाज की सुविधा मिलेगी। अस्पताल प्रशासन जल्द ही मशीन स्थापित कर जांच शुरू करेगा।
जिला अस्पताल में अब थायराइड जांच की सुविधा उपलब्ध होने जा रही है। शासन द्वारा इसके लिए आवश्यक मशीन अस्पताल को उपलब्ध करा दी गई है, जिसे पैथोलॉजी लैब में रख दिया गया है। जल्द ही मशीन को इंस्टॉल कर जांच कार्य शुरू किया जाएगा। अब तक जिले में थायराइड जांच की सुविधा न होने के कारण मरीजों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। सरकारी अस्पताल में मशीन न होने से सैंपल मेरठ भेजने पड़ते है या फिर मरीजों को निजी लैब का सहारा लेना पड़ता रहा है। निजी लैब में जांच कराने पर मरीजों को 700 से 1000 रुपये तक खर्च करने पड़ते है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ता है।
करीब 16 लाख की आबादी वाले जिले में जिला अस्पताल और आठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैं, लेकिन थायराइड जांच की सुविधा का अभाव लंबे समय से बना हुआ था। जिला अस्पताल में रोजाना करीब डेढ हजार से अधिक मरीजों के ओपीडी पर्चे बनाए जाते है जिनमे से रोजाना लगभग 50 से 60 मरीज ऐसे आते हैं, जिन्हें चिकित्सक थायराइड जांच की सलाह देते हैं। विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं के लिए यह सुविधा बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि अब तक मशीन न होने के कारण उनकी जांच भी नहीं हो पा रही थी। नई मशीन के शुरू होने से अब महिलाओं सहित अन्य मरीजों को समय पर जांच और इलाज की सुविधा मिल सकेगी। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि जल्द ही मशीन को स्थापित कर जांच शुरू कर दी जाएगी, जिससे मरीजों को निजी लैब के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और उनके समय व पैसे दोनों की बचत होगी।कोट-वैसे तो मरीजों की सामान्य जांचें हो जाती हैं, लेकिन थायराइड जैसी जांच नहीं होने के कारण मरीजों को दिक्कत होती थी। अब जिला अस्पताल में थायराइड की जांच मशीन आ गई है। मरीजों को थायराइड की महंगी जांच के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में थायराइड के मरीजों की संख्या बढ़ गई है।डा. किशोर आहुजा- सीएमएस
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


