Shamli News: टूटी नाले की पुलिया से हादसे का खतरा, रोजाना गुजरते हैं सैकड़ों बच्चे
Shamli News: हसनपुर लुहारी में बाईपास मार्ग पर बड़ी मदरसा के निकट टूटी पुलिया स्कूल के बच्चों और राहगीरों के लिए खतरा बन गई है। ग्रामीणों ने कई बार ग्राम पंचायत से शिकायत की है, लेकिन पुलिया की मरम्मत नहीं हुई है। बच्चे इस जोखिम भरे मार्ग से गुजर रहे हैं, जिससे बड़े हादसे की आशंका बढ़ गई है।

Shamli News: हसनपुर लुहारी। हसनपुर लुहारी मे बाईपास मार्ग पर बड़ा मदरसा के निकट नाले की टूटी पुलिया राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए हादसे का सबब बनी हुई है। पुलिया की हालत जर्जर होने के कारण यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इस मार्ग से प्रतिदिन सैकड़ों बच्चे और ग्रामीण आवागमन करते हैं। ग्रामीणों के अनुसार हसनपुर लुहारी बडा मदरसा निकट नाले की पुलिया काफी समय से क्षतिग्रस्त है। पुलिया के टूटे होने के कारण मार्ग से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खासकर बच्चों के लिए यह रास्ता बेहद जोखिम भरा बना हुआ है।
सुबह और दोपहर के समय बच्चों की आवाजाही अधिक होने के कारण हादसे की आशंका और बढ़ जाती है। ग्रामीणों का कहना है कि पुलिया की मरम्मत पुनर्निर्माण कराने के लिए कई बार ग्राम पंचायत के जिम्मेदार लोगों से शिकायत की जा चुकी है। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद पुलिया की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। ग्रामीणों में इस बात को लेकर रोष है कि कहीं किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार विभाग की नींद न टूटे। उनका कहना है कि यदि समय रहते पुलिया का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी दिन गंभीर दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए टूटी पुलिया का जल्द से जल्द निर्माण कराया जाए तथा तब तक मौके पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। ताकि बच्चों और राहगीरों को किसी संभावित हादसे से बचाया जा सके।

