स्मार्ट मीटर व महंगाई के विरोध में बहुजन मुक्ति पार्टी का प्रदर्शन
शामली में बहुजन मुक्ति पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने स्मार्ट मीटर, महंगाई, गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों के कारण बेरोजगारी और महंगाई बढ़ रही है।

शामली। बहुजन मुक्ति पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने बुधवार को केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में शामली कलक्ट्रेट गेट पर चूल्हा जलाकर खिचड़ी बनाते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर स्मार्ट मीटर, महंगाई, गैस सिलेंडर और पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर रोक लगाने की मांग की। जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार ने कहा कि बहुजन मुक्ति पार्टी द्वारा देश के 625 जिलों में तीन चरणों में राष्ट्रव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है। आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है। स्मार्ट मीटर के माध्यम से उपभोक्ताओं पर मनमाने बिजली बिल थोपे जा रहे हैं और निजी कंपनियां जनता का आर्थिक शोषण कर रही हैं।
कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि स्मार्ट मीटर पारदर्शी नहीं हैं तथा इनमें सिम लगी होने के कारण बिजली यूनिट बढ़ाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर 20 से 30 प्रतिशत अधिक तेजी से चल रहे हैं, जिससे आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसके अलावा मामूली माइनस बैलेंस होने पर भी उपभोक्ताओं की बिजली काटी जा रही है। ज्ञापन में घरेलू और कॉमर्शियल गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों, गैस एजेंसियों पर लंबी लाइनों और कालाबाजारी का भी मुद्दा उठाया गया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की महंगाई से किसान, मजदूर, कर्मचारी, छात्र और आम नागरिक प्रभावित हो रहे हैं। बहुजन मुक्ति पार्टी ने मांग की कि स्मार्ट मीटर हटाकर पारदर्शी मीटर लगाए जाएं, गलत बिजली बिलों की धनराशि उपभोक्ताओं को वापस की जाए तथा घरेलू गैस सिलेंडर 400 रुपये और कॉमर्शियल गैस सिलेंडर 700 रुपये में उपलब्ध कराया जाए। साथ ही पेट्रोल 90 रुपये प्रति लीटर और डीजल 80 रुपये प्रति लीटर किए जाने की मांग भी उठाई गई। इस अवसर पर परमाल सिंह, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


