
यौन उत्पीड़न रोकथाम सप्ताह के तहत विशेष जागरूकता व्याख्यान
Shamli News - राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यौन उत्पीड़न रोकथाम सप्ताह के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में यौन उत्पीड़न की परिभाषा, कानूनी प्रावधान और शिकायत प्रक्रिया पर जानकारी दी गई। छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग करने और सुरक्षित कार्य वातावरण की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय में यौन उत्पीड़न रोकथाम सप्ताह के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई, रेंजर्स विभाग एवं मिशन शक्ति 5.0 के संयुक्त तत्वावधान में कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न रोकथाम, निषेध और निवारण अधिनियम, 2013 के प्रावधानों पर एक विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। राजनीति विज्ञान के प्राध्यापक डॉ. पंकज चौधरी ने मुख्य वक्ता के रूप में छात्राओं को यौन उत्पीड़न की परिभाषा, इसके विभिन्न प्रकारों, कानूनी प्रावधानों, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, आंतरिक शिकायत समिति आईसीसी की भूमिका तथा पीड़िता के अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की।
उन्होंने महाविद्यालय की एंटी सेक्सुअल हरासमेंट समिति के गठन, उसके उद्देश्यों और कार्यप्रणाली के बारे में भी छात्राओं को अवगत कराया। डॉ. चौधरी ने छात्राओं को यह समझाया कि यौन उत्पीड़न केवल शारीरिक नहीं, बल्कि मौखिक, लिखित या इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से भी हो सकता है और ऐसी किसी भी घटना में पीड़िता को तुरंत शिकायत दर्ज करने का पूर्ण अधिकार है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को सुरक्षित कार्य-पर्यावरण के प्रति सचेत करना और उन्हें अपने अधिकारों के प्रति आत्मविश्वासी बनाना था। कार्यक्रम का संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. श्याम बाबू ने किया। इस दौरान रेंजर्स विभाग की प्रभारी डॉ. अंकिता त्यागी एवं महाविद्यालय की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। छात्राओं ने व्याख्यान को अत्यंत उपयोगी बताते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम उन्हें न केवल कानूनी अधिकारों के प्रति सजग करते हैं, बल्कि आत्मरक्षा और आत्मविश्वास भी बढ़ाते हैं। महाविद्यालय प्रशासन ने इस तरह के आयोजनों को नियमित रूप से जारी रखने की बात कही है ताकि युवा पीढ़ी एक सुरक्षित और सम्मानजनक समाज का निर्माण कर सके। इस दौरान स्कूल स्टाफ के साथ दर्जनो छात्राएं मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




