पुलिस पर मारपीट, अवैध हिरासत और रिश्वत लेने का आरोप
कांधला में एक व्यक्ति ने पुलिस पर मारपीट, अवैध हिरासत और रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए हैं। उसने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में शिकायत पत्र दाखिल किया है। पीड़ित का कहना है कि पुलिस ने उसे अस्पताल में पीटा और थाने में 20,000 रुपये की मांग की। मामला अब अदालत में सुनवाई के लिए है।

कांधला। थाना कांधला पुलिस पर मारपीट, अवैध हिरासत और रिश्वत लेने के गंभीर आरोप लगाते हुए कस्बे के एक व्यक्ति ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शामली एट कैराना की अदालत में शिकायती पत्र दाखिल किया है। पीड़ित ने थाना प्रभारी, एक कांस्टेबल सहित अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराए जाने की मांग की है। मोहल्ला खैल निवासी आरिफ ने अदालत को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि 29 मई को उनके पड़ोस में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाना कांधला ले गई। आरिफ का कहना है कि वह पड़ोसी होने के नाते घायल पक्ष को देखने अस्पताल पहुंचे थे।
आरोप है कि अस्पताल में पुलिस की मौजूदगी में एक पक्ष के लोगों ने उनके साथ मारपीट की। पीड़ित के अनुसार, इसके बाद पुलिस उन्हें थाने ले गई, जहां थाना प्रभारी ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की तथा उन्हें लॉकअप में बंद कर दिया। उन्होंने दावा किया कि पूरी घटना थाने और अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हुई है। आरिफ ने आरोप लगाया कि थाने में तैनात एक पुलिसकर्मी ने उन्हें छोड़ने के लिए 20 हजार रुपये की मांग की। बाद में कथित रूप से 16 हजार रुपये लेने के बाद उन्हें रात करीब दो बजे रिहा किया गया। उन्होंने बताया कि मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक समेत अन्य उच्च अधिकारियों से भी की गई, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। शिकायती पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि शिकायत के बाद पुलिस लगातार उनके घर दबिश देकर दबाव बना रही है और उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी दी जा रही है। साथ ही एक गवाह को थाने बुलाकर धमकाने और जबरन हस्ताक्षर कराने का भी आरोप लगाया गया है। पीड़ित ने अदालत से संबंधित पुलिसकर्मियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने तथा मामले की निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच कराने के आदेश जारी करने की मांग की है। अदालत में प्रार्थना पत्र दाखिल होने के बाद मामले की सुनवाई की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में थाना प्रभारी सतीश कुमार ने युवक द्वारा लगाए गए सभी आरोपो को निराधार बताया हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक के मुताबिक शिकायतकर्ता युवक के विरुद्ध थाने में मामला दर्ज है जिसकी पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। कार्रवाई से बचने के लिए पुलिस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


