Shamli News: मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 106 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे
Shamli News: कांधला के जसाला स्थित बारातघर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 106 जोड़ों का विवाह और निकाह संपन्न हुआ। इनमें 42 हिंदू जोड़े और 64 मुस्लिम जोड़े शामिल थे। एमएलसी वीरेंद्र सिंह और विधायक प्रसन्न चौधरी ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया। योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए एक लाख रुपये का प्रावधान है, जिसमें आर्थिक सहायता, उपहार और समारोह की व्यवस्थाएं शामिल हैं।

Shamli News: कांधला। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शुक्रवार को कांधला क्षेत्र के जसाला स्थित बारातघर में सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। इसमें विकासखंड कांधला के 88 और नगर पालिका परिषद कांधला के 18, कुल 106 जोड़ों का विवाह और निकाह पूर्ण विधि-विधान के साथ संपन्न कराया गया। नवदंपतियों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने आशीर्वाद देकर सुखमय दांपत्य जीवन की कामना की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि एमएलसी वीरेंद्र सिंह और सदर विधायक प्रसन्न चौधरी ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। एमएलसी ने जोड़ों को विवाह प्रमाणपत्र भी वितरित किए। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख डॉ. विनोद मलिक, खंड विकास अधिकारी वेद प्रकाश द्विवेदी और जिला समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
एमएलसी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों की शादी के खर्च से राहत दिलाना है। उन्होंने कहा कि पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक प्रसन्न चौधरी ने भी नवदंपतियों को शुभकामनाएं दीं। जिला समाज कल्याण अधिकारी रीतू रस्तोगी ने बताया कि योजना के तहत प्रति जोड़े के लिए एक लाख रुपये का प्रावधान है। इसमें 64 हजार रुपये कन्या के बैंक खाते में भेजे जाएंगे। वहीं, 21 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री और वस्त्र आदि वर-वधू को दिए जाएंगे। इसके अतिरिक्त 15 हजार रुपये तक की धनराशि विवाह स्थल, टेंट, भोजन और विवाह अथवा निकाह की अन्य व्यवस्थाओं पर खर्च किए जाने का प्रावधान है।शुक्रवार को आयोजित समारोह में 42 हिंदू जोड़ों का विवाह और 64 मुस्लिम जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।

