क्लास रूम में फंदे से लटका मिला स्कूल प्रबंधक का शव, हत्या और आत्महत्या में उलझी पुलिस
शमली में बुधवार को एक प्रबंधक का शव स्कूल के क्लास रूम में फंदे लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस के मुताबिक मामला आत्महत्या का लग रहा है।

UP News: यूपी के शामली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां एक विद्यालय प्रबंधक का शव स्कूल के क्लास रूम में पंखे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। साथ ही मामले की तहकीकात में जुट गई। उधर, इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
ये घटना थाना भवन क्षेत्र के गांव मस्तगढ़ का है। यहां बुधवार को सरस्वती पब्लिक स्कूल के प्रबंधक 35 वर्षीय अजय कुमार का शव विद्यालय में स्थित क्लास रूम के अंदर कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। स्कूल की छुट्टी दोपहर 2 बजे तक हो गई थी। शाम तक अजय कुमार की गाड़ी विद्यालय के बाहर खड़ी देख ग्रामीणों ने विद्यालय के अंदर जाकर देखा तो क्लास रूम में प्रबंधक का शव पंखे से लटका दिखा। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू की।
इस दौरान सूचना पर प्रबंधक के गांव कैडी से भी परिजन मौके पर पहुंच गए। अजय पिछले कई सालों से यहां स्कूल चला रहे थे। हाल ही में वह पास के गांव ठिरवा में जमीन खरीदकर स्कूल के लिए नई बिल्डिंग तैयार करा रहे थे। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला फांसी लगाकर आत्महत्या करने का लग रहा है, पोस्टमार्टम के बाद ही स्थित स्पष्ट होगी। वहीं, परिजनों की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
मानसिक रूप से बीमार महिला ने फांसी लगाकर दी जान
आत्महत्या से जुड़ा मामला एक जालौन से भी सामने आया है। जहां 36 वर्षीय महिला ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय महिला घर में अकेली थी, बच्चे ट्यूशन गए थे। लौटने पर बच्चों ने मां को छत के जाल से लटका देखा तो शोर मचाया। सूचना पर सीओ और कोतवाली पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पति श्याम के मुताबिक उसकी शादी 2014 में हुई, तीन बेटे हैं। आशा पिछले 4 सालों से मानसिक रूप से विक्षिप्त थी, जिसका इलाज झांसी और ग्वालियर में चल रहा था। उधर, सूचना पर सीओ परमेश्वर प्रसाद और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक निगवेन्द्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और साक्ष्य संकलन के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया।

