Shahjahnpur News: चोरी के आरोप के बाद युवक का पेड़ से लटका मिला शव, हत्या का मुकदमा

हिन्दुस्तान, शाहजहांपुर
Follow us on Google News
share

Shahjahnpur News: तिलहर में चोरी के आरोप के बाद 25 वर्षीय उमेश की संदिग्ध मौत हो गई। उसका शव शीशम के पेड़ से लटका मिला। परिवार ने हत्या का आरोप लगाया है और पुलिस पर उमेश के साथ मारपीट का आरोप भी लगाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की है।

Shahjahnpur News: चोरी के आरोप के बाद युवक का पेड़ से लटका मिला शव, हत्या का मुकदमा

Shahjahnpur News: तिलहर। चोरी के आरोप में नाम आने के कुछ दिन बाद 25 वर्षीय उमेश की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव गांव के बाहर शीशम के पेड़ से फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, परिजनों ने पुलिस पर भी युवक के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है। देर रात तक चले हंगामे के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी। घटना तिलहर क्षेत्र के गांव नबियापुर की है।

परिजनों का आरोप

मृतक उमेश कुमार के भाई सर्वेश ने बताया कि दो अगस्त को गांव निवासी राममूर्ति और उसके पुत्रों ने उमेश कुमार पर सोलर पैनल चोरी का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी थी। इसके बाद तीन अगस्त को बिरसिंहपुर चौकी पुलिस उमेश को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई। परिजनों का आरोप है कि चौकी में उमेश के साथ मारपीट की गई और उस पर पैनल वापस करने का दबाव बनाया गया। उनका कहना है कि पूछताछ के बाद जब उमेश घर लौटा तो वह मानसिक रूप से काफी परेशान था। परिजनों ने इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें पुलिस पर मारपीट के आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इस वीडियो की हिन्दुस्तान अखबार पुष्टि नहीं करता है। सर्वेश के मुताबिक पांच अगस्त की सुबह उमेश अचानक घर से लापता हो गया। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। बाद में इसकी सूचना पुलिस को दी गई। खोजबीन के दौरान गांव के पास राममूर्ति के खेत के निकट शीशम के पेड़ से उमेश का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि पुरानी रंजिश के चलते राममूर्ति तथा उसके पुत्र देवेंद्र, प्रेमचंद, अशोक और सत्यवान ने उमेश की हत्या कर शव को आत्महत्या का रूप देने के लिए पेड़ से लटका दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर पांचों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ग्रामीणों ने युवक का शव उठाने से रोका

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही तथा मारपीट का आरोप लगाते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। देर रात तक हंगामा चलता रहा। सूचना मिलने पर कोतवाल प्रिंस शर्मा, क्राइम इंस्पेक्टर सुनील यादव और अन्य पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।

पूछताछ के दौरान मारपीट की रही चर्चा

ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी रही कि पूछताछ के दौरान उमेश के साथ मारपीट की गई थी और उसके पैर में गंभीर चोट आई थी। परिजनों ने चौकी प्रभारी और एक सिपाही पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। इन आरोपों को लेकर गांव में पुलिस के प्रति नाराजगी देखी गई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।

चौकी पर दोनों पक्ष स्वयं आए थे। पूछताछ के बाद दोनों पक्ष चले गए। युवक ने आत्महत्या की है। बाकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी हैंगिंग आई है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पर पिटाई के लगे आरोप निराधार हैं।

-दीक्षा भंवरे, एसपी ग्रामीण।

सामान्य प्रश्न

उमेश की मौत के बाद परिवार ने किस पर आरोप लगाया?
परिवार ने पुलिस पर उमेश के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया है।
Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi NewsUP NewsशाहजहांपुरShahjahnpur News: चोरी के आरोप के बाद युवक का पेड़ से लटका मिला शव, हत्या का मुकदमा