विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नुक्कड़ नाटक से दिया तंबाकू मुक्ति का संदेश
विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर न्यूज़ भोर फाउंडेशन और तंबाकू नियंत्रण इकाई ने नवोदय विद्यालय हथौड़ा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। छात्रों और ग्रामीणों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में बताया गया।

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर न्यूज़ भोर फाउंडेशन एवं तंबाकू नियंत्रण इकाई, एनएमपीएच शाहजहांपुर के संयुक्त तत्वावधान में नवोदय विद्यालय हथौड़ा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों को तंबाकू सेवन के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अनुकृति नाट्य मंच के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा। कलाकारों ने धूम्रपान और तंबाकू सेवन से होने वाले कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की बीमारियों समेत अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं को प्रभावशाली अभिनय के माध्यम से प्रस्तुत किया। नाटक ने उपस्थित लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस दौरान उपस्थित चिकित्सकों और प्रोफेसरों ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि तंबाकू का किसी भी रूप में सेवन स्वास्थ्य के लिए घातक है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को नशे की लत से बचाना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। भोर फाउंडेशन की अध्यक्ष स्वाति सिंह ने बताया कि अभियान के तहत शहर में विभिन्न स्थानों पर पोस्टर और बैनर लगाकर लोगों को जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ता तंबाकू सेवन चिंता का विषय है और इससे बचाव के लिए निरंतर जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कार्यक्रम के समापन पर स्वाति सिंह ने अनुकृति नाट्य मंच के कलाकारों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। साथ ही तंबाकू नियंत्रण इकाई से जुड़े चिकित्सकों और प्रोफेसरों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया। फाउंडेशन पदाधिकारियों ने कहा कि नुक्कड़ नाटक, पोस्टर और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से गांव-गांव तक तंबाकू मुक्ति का संदेश पहुंचाने का प्रयास जारी रहेगा। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


