सड़कों पर लगे मलबे का ढेर, स्कूली बच्चे हो रहे चोटिल
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में जल निगम द्वारा चलाई जा रही पेयजल पाइपलाइन परियोजना स्थानीय निवासियों के लिए समस्या बन गई है। पार्षद रीता राठौर ने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर ठेकेदार की लापरवाही के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। कार्य की धीमी गति और गड्ढों के कारण लोग परेशान हैं।

शाहजहांपुर। नगर निगम के वार्ड संख्या 30 (जलालनगर बाहर चुंगी) में जल निगम द्वारा चलाई जा रही पेयजल पाइपलाइन परियोजना स्थानीय निवासियों के लिए जी का जंजाल बन चुकी है। ठेकेदार फर्म की घोर लापरवाही और विभागीय अधिकारियों की उदासीनता के विरोध में क्षेत्रीय पार्षद रीता राठौर ने जिलाधिकारी को एक शिकायती पत्र सौंपकर कड़े कदम उठाने की मांग की है। पार्षद रीता राठौर ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि वार्ड संख्या 30 एक बड़ा विस्तारित क्षेत्र है, जिसके अंतर्गत आंशिक गदियाना, जागृति नगर कॉलोनी, अम्बेडकर नगर कॉलोनी, शान्तिपुरम् कॉलोनी, प्रपोशर कॉलोनी और सैनिक कॉलोनी जैसी कई बड़ी और घनी आबादी वाली कॉलोनियां आती हैं। इन सभी क्षेत्रों में वर्तमान में जल निगम द्वारा पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है, लेकिन कार्य की कछुआ गति और लापरवाही ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है।
शिकायत में आरोप
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि संबंधित ठेकेदार फर्म द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप पर्याप्त संख्या में श्रमिक नहीं लगाए जा रहे हैं। सबसे बड़ी समस्या यह है कि जिस भी गली में खुदाई कर पाइपलाइन डाली जा रही है, उसे तत्काल समतल नहीं किया जा रहा। खोदी गई मिट्टी का समय से निस्तारण न होने के कारण पूरी सड़क पर मलबे का ढेर लगा है। रास्ते में खुले पड़े गड्ढों के कारण आए दिन स्कूल जाने वाले मासूम बच्चे गिरकर चोटिल हो रहे हैं और आम जनता का आवागमन पूरी तरह बाधित हो चुका है।
प्रोजेक्ट मैनेजर पर निरीक्षण न करने का आरोप
पार्षद ने पत्र में साफ कहा कि इस गंभीर समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई। प्रोजेक्ट मैनेजर द्वारा कभी भी कार्यस्थल का भौतिक निरीक्षण नहीं किया जाता, जिससे ठेकेदार के हौसले बुलंद हैं। इस अव्यवस्था और लापरवाही के कारण स्थानीय जनता में शासन-प्रशासन के खिलाफ भारी आक्रोश व्याप्त है, जिससे सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।
जनता ने खोला मोर्चा
पार्षद रीता राठौर ने जनहित में जिलाधिकारी से मांग की है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए ठेकेदार फर्म को पर्याप्त मजदूर लगाकर जल्द से जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जाएं। साथ ही यह सुनिश्चित कराया जाए कि पाइप डालने के 24 घंटे के भीतर गली को समतल कर मिट्टी हटवाई जाए और प्रोजेक्ट मैनेजर नियमित रूप से स्थलीय निरीक्षण करें। इस मांग का समर्थन करते हुए क्षेत्र के दर्जनों संभ्रांत नागरिकों ने हस्ताक्षरयुक्त सूची सौंपकर रोष प्रकट किया। हस्ताक्षर करने वालों में मुख्य रूप से सचिन सैनी, मनोज श्रीवास्तव, अरुणा देवी, तारा देवी, रामिन्द्री, नत्थू, संगीता, लीलावती, गुंजन, सुमन देवी, पुष्पा देवी, अफसाना, हिना शहरुना, सरना देवी, फूलमती, रामदेवी, दीपिका पांडे, ममता पाण्डे और शकुन्तला सहित भारी संख्या में वार्डवासी शामिल रहे। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि जल्द ही गलियों को ठीक नहीं किया गया, तो वे सड़क पर उतरकर प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।
FAQs
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


