Shahjahnpur News: गंगा जल हाथ में लेकर निगम की कमाई में 60% हिस्सेदारी की कसम का वीडियो वायरल
Shahjahnpur News: शाहजहांपुर में नगर निगम के कुछ पार्षदों का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वे गंगा जल लेकर निगम की कमाई का 60 प्रतिशत हिस्सा लेने की कसम खा रहे हैं। वीडियो में आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किया जा रहा है। नगर आयुक्त ने पुष्टि करते हुए बताया कि यह वीडियो नवंबर 2025 का है।

Shahjahnpur News: शाहजहांपुर, वरिष्ठ संवाददाता। नगर निगम के कुछ पार्षदों का गंगा जल हाथ में लेकर निगम की कमाई में 60 प्रतिशत हिस्सेदारी लेने की कसम खाने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर दोबारा वायरल हो रहा है। वीडियो में मां के नाम पर भी आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आ रहा है। हालांकि, हिन्दुस्तान अख़बार इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वीडियो वायरल होने के बाद इसमें नजर आ रहे पार्षदों से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने भी इस मामले में जवाब देना उचित नहीं समझा। बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो नवंबर 2025 का है। उस समय लाइटों की मरम्मत करने वाली ई स्मार्ट कंपनी का ठेका निरस्त किए जाने के बाद पार्षदों के समर्थन से उसे दोबारा बहाल कराया गया था। इसी दौरान का यह वीडियो होने का दावा सोशल मीडिया पर किया जा रहा है。
नगर आयुक्त की टिप्पणी
इस संबंध में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने कहा कि वीडियो नवंबर 2025 का है। उस समय वह नगर आयुक्त के पद पर शाहजहांपुर में नहीं थीं। उन्होंने वायरल वीडियो के संबंध में कोई अन्य टिप्पणी नहीं की।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
वीडियो दोबारा वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर नगर निगम और पार्षदों को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। इससे नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है।
पहले भी वायरल हुआ था वीडियो
बता दें कि इसी वीडियो के संबंध में हिन्दुस्तान में सात नवंबर 2025 को भी खबर प्रकाशित हुई थी। उस समय भी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अब करीब नौ महीने बाद उसी वीडियो को दोबारा सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने के बाद मामला फिर चर्चा में आ गया है।


