शाहजहांपुर के रोजा में श्रद्धालुओं की बस की ट्रक से टक़्कर, परिचालक की मौत, दो यात्री घायल
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर के रोजा क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हरिद्वार से अयोध्या जा रही डबल डेकर बस एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में बस परिचालक की मौत हो गई, जबकि दो श्रद्धालु घायल हुए। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा और मामले की जांच शुरू कर दी।

शाहजहांपुर, शुक्रवार तड़के शाहजहांपुर के रोजा क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हरिद्वार से अयोध्या जा रही श्रद्धालुओं की डबल डेकर बस रोजा थाना क्षेत्र के अटसलिया ओवरब्रिज के पास आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस परिचालक की मौत हो गई, जबकि दो श्रद्धालु घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब चार बजे ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे से आ रही डबल डेकर बस का चालक समय रहते ब्रेक नहीं लगा सका और बस सीधे ट्रक में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में बस परिचालक मुकेश, श्रद्धालु कंचन और बीराबाई सोलंकी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को पुलिस ने तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया, जहां इलाज के दौरान परिचालक मुकेश ने दम तोड़ दिया। घायल श्रद्धालुओं का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। बताया जा रहा है कि बस में सवार सभी श्रद्धालु गुजरात के निवासी थे, जो तीर्थ यात्रा पर निकले थे। हादसे के बाद कुछ देर के लिए हाईवे पर आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त बस और ट्रक को सड़क किनारे हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मृतक परिचालक के परिजनों को सूचना दे दी गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


