वाहन की टक्कर से युवक की मौत
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर के बिरिया फत्तेपुर गांव में 4 मई को छोटे भाई की शादी की तैयारियों के बीच एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय कौशल कश्यप की मौत हो गई। उसकी नई मोटरसाइकिल को अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। परिवार में शोक की लहर दौड़ गई, क्योंकि वह सात भाइयों में पांचवें नंबर का था।

शाहजहांपुर। मदनापुर क्षेत्र के बिरिया फत्तेपुर गांव में 4 मई को परिवार में होने वाली शादी की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब 25 वर्षीय भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। छोटे भाई की शादी की तैयारियों के बीच हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। बिरिया फत्तेपुर गांव निवासी रामकिशन का पुत्र कौशल कश्यप उर्फ कौशलेंद्र अपनी मोटरसाइकिल की डिग्गी में जाली लगवाने के लिए बुधवाना जा रहा था। गढ़िया रंगीन-बुधवाना रोड पर मोहनिया मोड़ के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना पर पहुंची पुलिस और परिजन उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनापुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई।परिजनों के मुताबिक, मृतक सात भाइयों में पांचवें नंबर का था। घर में छोटे भाई दिनेश की 4 मई को शादी होनी थी, जिसकी तैयारियां जोरों पर थीं। लेकिन इस दुर्घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। बताया जा रहा है कि कौशल ने महज तीन दिन पहले ही नई मोटरसाइकिल खरीदी थी। उसकी पत्नी साधना कश्यप गर्भवती हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


