
बालू उतारकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली खाई में पलटी, युवक की मौत
Shahjahnpur News - खुदागंज में एक युवक की मौत हो गई जब एक ट्रैक्टर-ट्रॉली कथित तौर पर अवैध बालू उतारकर लौटते समय खाई में पलट गई। 17 वर्षीय आशीष सिंह ट्रैक्टर चालक अन्नू के साथ बालू उतारने का काम करता था। हादसे में आशीष ट्रॉली के नीचे दब गया जबकि चालक घायल हो गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
खुदागंज। कथित रूप से अवैध बालू उतारकर लौट रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के खाई में पलट जाने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चालक घायल हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि खुदागंज थाना क्षेत्र के बैमियाना गांव निवासी 17 वर्षीय आशीष सिंह ट्रैक्टर चालक अन्नू के साथ बालू उतारने का काम करता था। शनिवार रात बालू उतारने के बाद आशीष ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर लौट रहा था। इसी दौरान भुंडी गांव के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई। हादसे में आशीष ट्रॉली के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
चालक अन्नू को चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों ने परिजनों और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रैक्टर-ट्रॉली हटवाई और शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। आशीष की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस का कहना है कि ट्रैक्टर-ट्रॉली से अवैध बालू खनन किए जाने की फिलहाल पुष्टि नहीं हो पाई है। हादसे में एक युवक की मौत और एक के घायल होने की सूचना है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




