खुदागंज में रंग पंचमी पर निकला लाट साहब का जुलूस, दिनभर उड़ा रंग-गुलाल

Mar 08, 2026 05:48 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, शाहजहांपुर
share

Shahjahnpur News - खुदागंज में होली के पांचवें दिन रंग पंचमी का पर्व धूमधाम से मनाया गया। नगर के विभिन्न मोहल्लों में रंग-गुलाल की बौछारें हुईं। लाट साहब का जुलूस बैंड बाजे के साथ निकाला गया, जिसमें लोगों ने रंग खेला। प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखा, और जुलूस महादेवन मंदिर पर समाप्त हुआ।

खुदागंज में रंग पंचमी पर निकला लाट साहब का जुलूस, दिनभर उड़ा रंग-गुलाल

खुदागंज। खुदागंज में होली के पांचवें दिन मनाया जाने वाला पारंपरिक रंग पंचमी का पर्व रविवार को उत्साह और धूमधाम के साथ मनाया गया। सुबह से ही नगर के विभिन्न मोहल्लों में रंग-गुलाल की बौछारें शुरू हो गईं और युवाओं, बुजुर्गों तथा बच्चों ने एक-दूसरे को रंग लगाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। दिनभर पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। पारंपरिक कार्यक्रम के तहत लाट साहब का जुलूस भी निकाला गया, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा। जुलूस मोहल्ला लक्ष्मीपुर से बैंड बाजे के साथ शुरू हुआ और नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान जुलूस में शामिल हुरियारों ने जमकर रंग खेला।

रास्ते में छतों पर खड़ी महिलाओं ने जुलूस में शामिल लोगों पर रंग और गुलाल डाला, जबकि बच्चों ने गुब्बारे फेंककर उत्सव का आनंद लिया। कई स्थानों पर डीजे की धुन पर लोग होली के गीतों पर झूमते नजर आए।जुलूस के दौरान लाट साहब परंपरा के अनुसार घर-घर जाकर बसूली भी करते रहे। नगरवासियों ने जुलूस में शामिल लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों का जलपान कर स्वागत किया। जुलूस नगर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ थाने पहुंचा, जहां थाना प्रभारी ने लाट साहब को उपहार स्वरूप नगद राशि भेंट की। इसके बाद जुलूस महादेवन मंदिर पहुंचकर संपन्न हुआ।पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। ग्रामीण एसपी दीक्षा भंवरे अरुण, एसडीएम तिलहर सदानंद सरोज और क्षेत्राधिकारी ज्योति यादव के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस फोर्स तैनात रही। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पीएसी की दो बटालियन भी लगाई गईं। थाना प्रभारी सत्य प्रकाश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम जुलूस मार्गों पर लगातार गश्त करती रही।जुलूस में पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष सुधीर सिंह, भाजपा युवा जिला अध्यक्ष रोहित सिंह, सभासद सौरव गुप्ता, पुष्पेंद्र सिंह, राजीव कश्यप, आकाश दीक्षित, शिवम सिंह, डॉ. विनोद सिंह, पवन सिंह, वेदराम राठौर सहित बड़ी संख्या में नगरवासी और क्षेत्रवासी मौजूद रहे। लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर होली और रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।