Hindi NewsUttar-pradesh NewsShahjahnpur NewsTension in Shahjahanpur After 16-Year-Old Dies from Train Accident Family Protests and Blocks Highway
निगोही में छात्र की मौत पर सड़क जाम, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और पुलिस पर गंभीर आरोप

निगोही में छात्र की मौत पर सड़क जाम, मेडिकल कॉलेज प्रबंधन और पुलिस पर गंभीर आरोप

संक्षेप:

Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में निगोही क्षेत्र के ढकिया तिवारी गांव के 16 वर्षीय छात्र अंकित सिंह की वंदे भारत ट्रेन से घायल होने के बाद मौत हो गई। परिजनों ने शव के साथ सड़क जाम कर दिया और मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाया कि उन्होंने इलाज नहीं किया। पुलिस के खिलाफ भी मारपीट के आरोप लगे हैं।

Feb 09, 2026 11:14 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, शाहजहांपुर
share Share
Follow Us on

शाहजहांपुर। निगोही क्षेत्र के ढकिया तिवारी गांव निवासी 16 वर्षीय छात्र अंकित सिंह की वंदे भारत ट्रेन से घायल होने के बाद मौत हो जाने से क्षेत्र में तनाव फैल गया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही आक्रोशित परिजनों ने सोमवार सुबह निगोही में हाईवे पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। करीब 2 घंटे से सड़क जाम है। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर इलाज न करने और पुलिस पर मारपीट के गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा कर रहे हैं। सोमवार सुबह परिजन अंकित का शव घर से निकालकर गांव की मुख्य सड़क पर ले आए। उन्होंने सड़क पर बल्लियां लगाकर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया और चारपाई पर शव रखकर धरना शुरू कर दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

शव से लिपटकर रोते-बिलखते परिजन दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते रहे। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। परिजनों का आरोप है कि रविवार सुबह करीब 10:30 बजे मेरठ से लखनऊ जा रही वंदे भारत ट्रेन से अंकित गंभीर रूप से घायल हो गया था। उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर मुर्दाघर भेज दिया। दोपहर करीब 2:30 बजे जब परिजन मुर्दाघर पहुंचे तो उनका कहना है कि अंकित की सांसें चल रही थीं। आरोप है कि इसके बावजूद डॉक्टरों ने इलाज से इनकार कर दिया और दोबारा उसे मृत बताकर वापस भेज दिया। इसी बात को लेकर परिजन भड़क गए और मेडिकल कॉलेज के ट्रॉमा सेंटर में हंगामा व तोड़फोड़ हुई। आरोप है कि इसके बाद अस्पताल के गार्डों और मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के साथ मारपीट की। परिजनों का कहना है कि अंकित के चचेरे भाई और सगी बहन को बेरहमी से पीटा गया और घसीटते हुए चौकी ले जाया गया। वहीं पिता और भाई को भी हिरासत में लेकर करीब दो घंटे बाद छोड़ा गया। इसी घटना से परिजनों में आक्रोश और बढ़ गया। सोमवार को सड़क जाम की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मेडिकल कॉलेज प्रबंधन पर मुकदमा दर्ज कराने और मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। सीओ सदर प्रयांक जैन ने बताया कि परिजन शव लेकर गांव की सड़क पर आ गए थे, पुलिस मौके पर मौजूद है और बातचीत के जरिए मामला शांत कराने का प्रयास किया जा रहा है।