आधार न बनने से आभा आईडी अभियान सुस्त, मार्च तक मात्र 41 फीसदी बनी आईडी
Shahjahnpur News - जिले में आभा आईडी बनाने का अभियान आधार कार्ड की कमी के कारण धीमी गति से चल रहा है। 3.13 लाख पंजीकृत लाभार्थियों में से केवल 1.28 लाख की आभा आईडी बनी है, जो कि 41.10 प्रतिशत है। कई ब्लॉकों में स्थिति चिंताजनक है, जबकि कुछ में प्रगति बेहतर है।

जिले में आभा आईडी बनाने का अभियान आधार बिना फीका पड़ रहा है, जिससे अभियान को गति नहीं मिल पा रही है। जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत लाभार्थियों जिनमें बच्चे और गर्भवती महिलाएं शामिल हैं। जिनकी की संख्या जिले में करीब 3.13 लाख है। इनमें से अब तक केवल 1.28 लाख की ही आभा आईडी बन सकी है। इस तरह जिले में कुल प्रगति महज 41.10 प्रतिशत ही पहुंच पाई है, जबकि शासन ने सभी लाभार्थियों की आभा आईडी बनाने के निर्देश दिए हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत सभी लाभार्थियों का पहले आधार कार्ड बनवाया जाना है और उसी के माध्यम से उनकी आभा आईडी तैयार की जानी है।
इसके बावजूद जमीनी स्तर पर काम धीमी गति से चल रहा है, जिससे बड़ी संख्या में बच्चे और गर्भवती महिलाएं अभी भी इस सुविधा से वंचित हैं। ब्लॉकवार स्थिति पर नजर डालें तो कांट, बंडा और तिलहर जैसे ब्लॉक अपेक्षाकृत बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं। कांट में 65.25, बंडा में 62.75 प्रतिशत और तिलहर में 55.25 प्रतिशत लाभार्थियों की आभा आईडी बन चुकी है। शाहजहांपुर नगर में 54.95 और पुवायां 52.92 में भी स्थिति औसत से बेहतर है। इसके विपरीत कई ब्लॉक काफी पीछे चल रहे हैं। सिंधौली की स्थिति सबसे खराब है, जहां 20,810 लाभार्थियों में से केवल 4,980 की ही आभा आईडी बन सकी है, जो मात्र 23.93 प्रतिशत है। कलान और निगोही में भी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है, जहां क्रमशः 26.23 और 26.56 प्रतिशत लाभार्थियों की ही आईडी बन पाई है। इसके अलावा भवालखेड़ा, जैतिपुर और मिर्जापुर जैसे ब्लॉकों में भी प्रगति 30 से 32 प्रतिशत के बीच सिमटी हुई है। जिले में 1.84 लाख से अधिक लाभार्थी अब भी आभा आईडी से वंचित हैं। इसके पीछे आधार कार्ड न बन पाना, अभिभावकों और गर्भवती महिलाओं में जागरूकता की कमी, तकनीकी समस्याएं और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं पर बढ़ता कार्यभार जैसी वजहें सामने आ रही हैं। डीपीओ अरविंद रस्तोगी ने बताया कि आभा आईडी का कार्य कराने के लिए सभी को दिशा निर्देश हैं। जल्द कार्य पूरा होगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


