संदिग्ध हालात में मासूम को लगा एयरगन का छर्रा, हालत गंभीर
शाहजहांपुर के कपसेड़ा गांव में छह वर्षीय कार्तिक उर्फ कान्हा शर्मा एयरगन के छर्रे लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया और गांव में तनाव बना हुआ है। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

शाहजहांपुर। तिलहर के कपसेड़ा गांव में छह वर्षीय मासूम कार्तिक उर्फ कान्हा शर्मा संदिग्ध परिस्थितियों में एयरगन का छर्रा लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। घायल बच्चे को आनन-फानन में निजी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टर उसके ऑपरेशन की तैयारी में जुटे हैं। परिजनों के अनुसार कार्तिक उर्फ कान्हा शर्मा पुत्र अशोक शर्मा मूल रूप से फरीदपुर, बरेली का रहने वाला है। बताया गया कि जब वह करीब एक वर्ष का था, तभी से वह अपनी ननिहाल कपसेड़ा गांव में मामा सोनू शर्मा के पास रह रहा है।
सोनू शर्मा पीडब्ल्यूडी में कर्मचारी हैं। कान्हा गांव के चंदन लाल विशाल इंटर कॉलेज में पढ़ाई करता है।ग्रामीणों के मुताबिक सुबह करीब साढ़े आठ बजे कान्हा घर से करीब 50 मीटर दूर स्थित मोहम्मद यूनुस की किराना दुकान पर सामान लेने गया था। इसी दौरान उसे गर्दन और कान के बीच एयरगन का छर्रा लग गया। घटना कैसे हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। गांव में चर्चा है कि दुकान पर मौजूद व्यक्ति की एयरगन से छर्रा चला, जिससे बच्चा घायल हो गया। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्चे को अस्पताल ले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे भारी पुलिस बल के साथ गांव पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


