युवक का घर में मिला सड़ा-गला शव, एक सप्ताह से नहीं दिख रहा था बाहर
Shahjahnpur News - खुटार नगर के मोहल्ला गांधीनगर में शुक्रवार को एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक का सड़ा-गला शव उसके घर के अंदर मिला। युवक, अजय कुमार मिश्रा, की मानसिक स्थिति बिगड़ने के कारण वह अकेला रहता था। एक सप्ताह से घर से बाहर न निकलने पर दुर्गंध फैलने पर मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

खुटार नगर के मोहल्ला गांधीनगर में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक का सड़ा-गला शव उसके घर के अंदर मिला। करीब एक सप्ताह से युवक के घर से बाहर न निकलने और बाद में दुर्गंध फैलने पर मामले का खुलासा हुआ। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मोहल्ला गांधीनगर निवासी अजय कुमार मिश्रा की शादी जलालाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव जसनपुर में हुई थी। शादी के कुछ साल बाद उनकी मानसिक स्थिति बिगड़ गई थी। इसी के चलते करीब 15 साल पहले उनकी पत्नी मायके चली गई थी और तब से वहीं रह रही थी।
अजय कुमार घर में अकेले रहते थे। उनके बड़े भाई अनिल कुमार मिश्रा और छोटे भाई अंबरीश कुमार मिश्रा पास ही बने अपने-अपने मकानों में परिवार के साथ रहते हैं। परिजनों के अनुसार मानसिक स्थिति ठीक न होने के कारण अजय कुमार का परिवार से भी ज्यादा संपर्क नहीं रहता था। मोहल्ले के लोगों ने बताया कि करीब एक सप्ताह से अजय कुमार को घर से बाहर निकलते नहीं देखा गया था। शुक्रवार को उनके घर के अंदर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिससे आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद बड़े भाई अनिल कुमार मिश्रा ने खुटार पुलिस को सूचना दी। खबर मिलते ही कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। सीढ़ी लगाकर छोटे भाई अंबरीश कुमार को घर के अंदर भेजा गया, जिसने मुख्य दरवाजा खोला। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में परिजन घर के अंदर पहुंचे। घर के एक कमरे के सामने पड़े टीन शेड के नीचे जमीन पर बिछे बिस्तर पर अजय कुमार मिश्रा का सड़ा-गला शव मिला। शव देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने आशंका जताई कि अजय कुमार की मौत करंट लगने या किसी अन्य कारण से हो सकती है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। कार्यवाहक थानाध्यक्ष सुभाष चंद्र ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। यदि परिजनों की ओर से तहरीर मिलती है तो उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




