
सीएम डैशबोर्ड समीक्षा बैठक में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह दिखे सख्त
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक हुई। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी कि खराब प्रगति पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, खासकर 5 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं के लिए।
शाहजहांपुर, संवाददाता। विकास भवन सभागार में सोमवार को डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड विकास कार्यों एवं पाँच करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की गहन समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने सभी विभागों के अधिकारियों को साफ चेतावनी देते हुए कहा कि शासन स्तर से जारी मुख्यमंत्री डैशबोर्ड फ्लैगशिप प्रोजेक्ट्स में जिन योजनाओं की प्रगति खराब पाई गई और जिसका सीधा असर जनपद की रैंकिंग पर पड़ा, ऐसे अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने समाज कल्याण विभाग और डे-एनआरएलएम के अधिकारियों को विशेष रूप से रैंकिंग सुधारने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की ढिलाई, देरी या लापरवाही अस्वीकार्य है।
उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि अपने-अपने विभागीय दायित्वों का निर्वहन गुणात्मक रूप से समय पर करें, अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें। समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जनपद की उन सभी परियोजनाओं की जांच आख्या पर भी चर्चा की जिनकी लागत पाँच करोड़ रुपये से अधिक है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं के अभियंताओं को निर्देश दिए कि जांच में जिन कमियों की ओर संकेत किया गया है, उन्हें तुरंत ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी परियोजना को बिना गुणवत्ता परीक्षण के आगे न बढ़ाया जाए और न ही औपचारिकता के नाम पर फाइल निस्तारण किया जाए। जिलाधिकारी ने अनारंभ परियोजनाओं को प्राथमिकता पर शुरू कराने के आदेश दिए, वहीं अपूर्ण परियोजनाओं में तेजी लाकर कार्य पूर्ण कराने को कहा। उन्होंने दोहराया कि विकास कार्यों की पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता किसी भी कीमत पर प्रभावित नहीं होनी चाहिए। बैठक में बृहद गौशालाओं की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूर्ण हो चुकी गौशालाओं में निराश्रित गोवंश को तत्काल रखा जाए और व्यवस्था को नियमित रूप से मॉनिटर किया जाए। समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अपराजिता सिंह, परियोजना निदेशक अवधेश राम, डीसी एनआरएलएम यशोवर्धन सिंह के अलावा संबंधित विभागों के अधिकारी तथा कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे। जिलाधिकारी की सख्त टिप्पणी के बाद विकास कार्यों में तेजी और जवाबदेही बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। ------वर्जन---- मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर कमजोर प्रगति जनपद की रैंकिंग को प्रभावित करती है। किसी भी विभाग में लापरवाही या देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी परियोजनाओं में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।-धर्मेंद्र प्रताप सिंह, डीएम, शाहजहांपुर।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




