
कड़ाके की ठंड से जनजीवन बेहाल, एक दिन में छह डिग्री गिरा न्यूनतम तापमान
Shahjahnpur News - जनपद में कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है। तापमान में गिरावट के कारण लोग घरों से बाहर नहीं निकल रहे हैं। बुजुर्गों और बच्चों पर सबसे अधिक असर देखने को मिल रहा है। जिला प्रशासन ने एक दिन का अवकाश घोषित किया है, लेकिन सोमवार से स्कूल फिर से खुल जाएंगे।
जनपद में कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार गिरते तापमान के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से कतरा रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक लोग अंगीठी, अलाव और हीटर के सहारे किसी तरह ठंड से बचाव कर रहे हैं। रविवार को न्यूनतम तापमान में एक दिन के भीतर छह डिग्री की बड़ी गिरावट दर्ज की गई, जिससे गलन और ठिठुरन और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 14.4 डिग्री और न्यूनतम 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शनिवार को अधिकतम तापमान 13.9 और न्यूनतम 11.4 डिग्री रहा, जबकि रविवार को अधिकतम तापमान 13.9 और न्यूनतम तापमान गिरकर 5.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
अचानक आई इस गिरावट ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। कड़ाके की ठंड का सबसे ज्यादा असर बुजुर्गों और बच्चों पर देखने को मिल रहा है। ग्रामीण इलाकों में लोग सुबह से शाम तक अलाव के पास बैठे नजर आ रहे हैं, वहीं शहरों में लोग अंगीठी और हीटर पर हाथ सेकते दिख रहे हैं। ठंड के कारण कपड़े सूख नहीं पा रहे हैं और कई घरों में गीले कपड़ों से दुर्गंध की समस्या भी सामने आ रही है। पिछले दो दिनों से कोहरे का प्रभाव अपेक्षाकृत कम रहा है, लेकिन गलन बरकरार है। ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियातन एक दिन का अवकाश घोषित किया था, हालांकि सोमवार से बच्चों के लिए स्कूल दोबारा खुल जाएंगे। अभिभावकों में बच्चों की सेहत को लेकर चिंता बनी हुई है। गन्ना शोध संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. मनमोहन सिंह के अनुसार मौसम में धीरे-धीरे बदलाव के संकेत हैं। उन्होंने बताया कि पूर्वा हवा चल रही है और वायुदाब सात मिलीबार बढ़ा है। सुबह के समय कोहरा रहेगा, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ होगा और हल्की धूप निकलने की संभावना है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




