
जनपद में इस सीजन का पहला घना कोहरा, कड़ाके की ठंड से जनजीवन ठिठुरा
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में ठंड और कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। दृश्यता सुबह के समय शहरी क्षेत्र में केवल आठ मीटर और ग्रामीण क्षेत्रों में चार से पांच मीटर तक रह गई। तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। स्कूल जाने वाले बच्चों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
शाहजहांपुर, वरिष्ठ संवाददाता। जनपद में गुरुवार को ठंड और कोहरे ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। दृश्यता सुबह के समय शहरी क्षेत्रमें मात्र आठ मीटर और देहात क्षेत्रों में चार से पांच मीटर तक रह गई। घने कोहरे के चलते लखनऊ–दिल्ली हाईवे पर सुबह नौ बजे तक वाहन रेंगते हुए चले। चालक लाइट जलाकर ही वाहन चला पा रहे थे। हवा की रफ्तार भी करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जिससे खुले इलाकों में ठिठुरन और बढ़ गई। मौसम विभाग के अनुसार इस बार पहली बार अधिकतम तापमान गिरकर 21.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा। वहीं न्यूनतम तापमान पिछले चार दिनों से लगातार 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना है।

गुरुवार को यह और गिरकर 7.5 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, जो सामान्य से ढाई डिग्री कम है। कड़ाके की ठंड में सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली बच्चों को उठानी पड़ी। सुबह-सबेरे निकलने वाले बच्चे ठिठुरते स्कूल पहुंचे। सर्द हवाओं ने राहगीरों को दिनभर परेशान किया। हालांकि दोपहर में थोड़ी देर के लिए हल्की धूप निकली, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली, लेकिन धूप कमज़ोर रहने के कारण ठंड का असर कम नहीं हो सका। मौसम की इस स्थिति को लेकर गन्ना शोध संस्थान के वरिष्ठ वैज्ञानिक मनमोहन सिंह ने बताया कि इस सप्ताह तापमान और नीचे जा सकता है। अगले हफ्ते से शीतलहर चलने की भी संभावना है। ऐसे में लोगों को सुबह और रात के समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


