
मदनापुर में कोहरे में रोडवेज बस और डीसीएम टकराई, चालक गंभीर
Shahjahnpur News - मदनापुर थाना क्षेत्र के पीलीभीत–बेवर स्टेट हाईवे पर बरखेड़ा गांव के पास रविवार की सुबह लगभग सात बजे रोडवेज बस और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई।
मदनापुर। थाना क्षेत्र के पीलीभीत–बेवर स्टेट हाईवे पर बरखेड़ा गांव के पास रविवार की सुबह लगभग सात बजे रोडवेज बस और डीसीएम की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में डीसीएम चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार दो यात्रियों को मामूली चोटें आईं। डीसीएम चालक नाजिम अली निवासी अहमदनगर जागीर थाना सिविल लाइंस, रामपुर के रूप में हुई है। वह वाहन का मालिक भी बताया गया। टक्कर में गंभीर रूप से घायल नाजिम को राहगीरों की मदद से सीएचसी मदनापुर पहुंचाया गया, जहां से हालत चिंताजनक होने पर उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बाद में परिजन उसे मुरादाबाद ले गए।
हादसे में रोडवेज बस के दो यात्रियों को हल्की चोटें आईं। दोनों को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। जानकारी के अनुसार, डीसीएम रामपुर से दहेज का सामान लेकर कानपुर जा रही थी, जबकि रोडवेज बस फर्रुखाबाद से बरेली की ओर जा रही थी। कोहरा बढ़ने से दृश्यता कम हुई और दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। सूचना पर थाना प्रभारी विश्वजीत प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे लगवाकर यातायात सुचारू कराया और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अलग हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल बरुआ पट्टी के पास एक अन्य सड़क हादसे में अंजलि (28) निवासी लोहा मंडी, आगरा गंभीर रूप से घायल हो गईं। वह अपने चालक प्रिंस के साथ वैगनआर कार से जलालाबाद से बरेली की ओर जा रही थीं। रास्ते में किसी अज्ञात वाहन ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। राहगीरों ने अंजलि को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचाया, जहां से चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच में जुटी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




