भवन कर व जलकर बढ़ोतरी पर बढ़ा आक्रोश
Shahjahnpur News - जलालाबाद नगरवासियों में भवन कर, जलकर व जल मूल्य कर में वृद्धि के खिलाफ असंतोष बढ़ रहा है। सांसद प्रतिनिधि गौरव प्रताप राघव ने नगर पालिका कार्यालय में अधिशासी अधिकारी से वार्ता की और कर वृद्धि पर आपत्ति जताई। उन्होंने आर्थिक बोझ कम करने की मांग की, जबकि अधिकारी ने बताया कि यह वृद्धि शासन के निर्देशों के अनुसार है।

नगर पालिका द्वारा भवन कर, जलकर व जल मूल्य कर में की गई वृद्धि के बाद जलालाबाद नगरवासियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। शासन के निर्देशों के तहत की गई कर वृद्धि को लेकर बुधवार को उप जिलाधिकारी प्रभात राय द्वारा एक बैठक बुलाई गई थी, लेकिन इसका सोशल मीडिया के माध्यम से बहिष्कार किया गया। इसी क्रम में सांसद प्रतिनिधि गौरव प्रताप राघव नगर पालिका कार्यालय पहुंचे और अधिशासी अधिकारी एचएन उपाध्याय से वार्ता कर कर वृद्धि पर आपत्ति जताई। सांसद प्रतिनिधि ने कहा कि भवन कर और जलकर में की गई बढ़ोतरी आम जनता पर अनावश्यक आर्थिक बोझ डाल रही है।
उन्होंने मांग की कि इस पर पुनर्विचार किया जाए, ताकि नगरवासियों को राहत मिल सके। इस पर अधिशासी अधिकारी एच.एन. उपाध्याय ने स्पष्ट किया कि भवन कर और जलकर में वृद्धि शासन स्तर से की गई है, इसमें नगर पालिका की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने बताया कि पूर्व के पालिका अध्यक्षों ने अपने कार्यकाल में इस वृद्धि को स्थगित कर रखा था, लेकिन अब शासन के निर्देशों के अनुसार करों में बढ़ोतरी लागू की गई है अधिशासी अधिकारी ने यह भी कहा कि आपत्ति दर्ज कराने के लिए निर्धारित दिवस पर किसी भी नगरवासी ने लिखित आपत्ति नहीं दी। यदि भविष्य में कोई आपत्ति प्राप्त होती है तो पालिका कर्मियों को मौके पर भेजकर नापजोख कराई जाएगी और आपत्ति का आकलन किया जाएगा। इस संबंध में उप जिलाधिकारी प्रभात राय ने बताया कि बैठक बुलाई गई थी, लेकिन मुख्यमंत्री की वर्चुअल मीटिंग के कारण वह बैठक में उपस्थित नहीं हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


