रोजा हादसे की हो रही उच्चस्तरीय जांच, कई पर गिर सकती गाज
Shahjahnpur News - रेलवे बोर्ड ने रोजा में ट्रेन दुर्घटना के बाद सख्त कदम उठाए हैं, जिसमें पांच लोगों की मौत हुई। निवर्तमान डीआरएम का तबादला कर दिया गया है और नए डीआरएम ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने अवैध रेलवे रास्तों को बंद करने का आदेश दिया और उच्च स्तरीय जांच की बात कही।

रोजा। रोजा में रेलवे के अवैध रास्ते पर ट्रेन से हुई पांच मौतों के बाद रेलवे बोर्ड ने सख्त रुख अपनाया है। इस बीच निवर्तमान डीआरएम संग्रह मौर्य का तबादला कर दिया गया और पूर्व डीआरएम राजकुमार सिंह को चार्ज दिया गया। रविवार को नए डीआरएम रोजा पहुंचे और वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना तथा सांसद अरुण सागर के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। डीआरएम राजकुमार सिंह ने मौके पर कर्मियों से आवश्यक जानकारी ली और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए उचित कदम उठाने का निर्देश दिया। वित्त एवं संसदीय कार्यमंत्री सुरेश खन्ना ने अवैध रास्तों की समीक्षा की और घटनाक्रम की जानकारी ली।
सांसद अरुण सागर ने सभी अवैध रास्तों को चिह्नित कर बंद करने की आवश्यकता पर जोर दिया। डीआरएम ने कहा कि लक्सर से आलमनगर (लखनऊ) तक के सभी अवैध रास्ते अब बंद करा दिए गए हैं। पत्रकारों से बातचीत में डीआरएम ने कहा कि रोजा में हुए हादसे की उच्च स्तरीय जांच चल रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। हालांकि उन्होंने पूरे मामले में नया खुलासा नहीं किया और घटना को दुखद बताते हुए कहा कि यह रास्ता रेलवे कर्मचारियों के लिए था और उन्हें नियमों की जानकारी होती है, जिससे वे घटना से खुद को अलग करते नजर आए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




