मोबाइल टावर बैटरी चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

Jan 20, 2026 02:29 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, शाहजहांपुर
share Share
Follow Us on

Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में रोजा पुलिस और एसओजी की टीम ने मोबाइल टावरों से लिथियम बैटरी चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया। चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनसे 18 बैटरियां और एक वाहन बरामद हुआ। एसपी ने कार्रवाई में शामिल टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।

मोबाइल टावर बैटरी चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार गिरफ्तार

शाहजहांपुर। रोजा पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने मोबाइल टावरों से लिथियम बैटरी चोरी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 18 लिथियम बैटरी और एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। गिरोह के खुलासे के बाद एसपी ने कार्रवाई में शामिल टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। मोबाइल टावरों से लगातार हो रही बैटरी चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सीओ सदर प्रयांक जैन के निर्देशन में एसओजी, सर्विलांस सेल और रोजा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की थी।

जांच के दौरान पुलिस ने कई संदिग्ध ठिकानों पर दबिश दी और रविवार रात करीब दो बजे मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए मुकरमपुर से उदियापुर जाने वाले मार्ग पर नेकनामपुर नहर के किनारे से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में राम तीरथ पुत्र रतिराम निवासी ग्राम नौगवां थाना जलालाबाद, आजाद यादव पुत्र सत्यपाल निवासी सराय साधौ थाना जलालाबाद, हरिओम यादव पुत्र इंद्रपाल निवासी ग्राम तुर्की खेड़ा थाना रोजा और विमलेश पुत्र बाबूराम निवासी ग्राम खजुआ थाना मोहम्मदी जिला लखीमपुर खीरी शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 18 मोबाइल टावर लिथियम बैटरी और चोरी में प्रयुक्त एक चार पहिया वाहन बरामद किया है। यह गिरोह लंबे समय से जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मोबाइल टावरों को निशाना बना रहा था। शहर के दीवान जोगराज मोहल्ला निवासी अमित कुमार तिवारी ने 30 नवंबर को रोजा थाने में तहरीर दी थी कि उनकी कंपनी के सिसौआ गांव स्थित मोबाइल टावर से लिथियम बैटरियां चोरी कर ली गई हैं। इस पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। इसके बाद 17 जनवरी को भी बैटरी चोरी का एक और मुकदमा दर्ज हुआ। लगातार घटनाओं से स्पष्ट हो गया था कि इसके पीछे संगठित गिरोह सक्रिय है। आधा दर्जन से अधिक जगहों पर चोरी स्वीकारी आरोपियों ने बताया कि 28 नवंबर को सिसौआ स्थित मोबाइल टावर से 22 बैटरियां और दो सोलर पैनल चोरी किए थे, जिन्हें रास्ते में मिले कबाड़ियों को बेचकर रकम आपस में बांट ली। इसके बाद 6 जनवरी की रात उसी टावर से पांच बड़ी बैटरियां दोबारा चोरी की गईं, जिन्हें पुलिस ने गिरफ्तारी के समय बरामद किया। इसके अलावा 2 जनवरी की रात तिलहर थाना क्षेत्र के गोपालपुर स्थित टावर से भी बैटरियां चोरी की गई थीं। अज्ञात कबाड़ियों को बेच देते थे चोरी की बैट्रियां आरोपियों ने जलालाबाद क्षेत्र के ग्राम गुलरिया, पुवायां के गांव रहदेवा, अल्लाहगंज थाना क्षेत्र के जठियापुर खुर्द और ग्राम मुड़िया खुर्द, सेहरामऊ क्षेत्र के ग्राम आटा बुजुर्ग स्थित मोबाइल टावरों से भी बैटरियां चोरी करने की बात कबूली है। इनमें से कई बैटरियां अज्ञात कबाड़ियों को बेच दी गईं। पकड़े गए चारों बदमाशों का लंबा आपराधिक इतिहास पुलिस के अनुसार पकड़े गए चारों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा है। जलालाबाद के सराय साधौ निवासी आजाद यादव पर हत्या सहित कुल 19 मुकदमे दर्ज हैं। राम तीरथ के खिलाफ 12 मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें शाहजहांपुर के अलावा फिरोजाबाद और बदायूं जनपद भी शामिल हैं। विमलेश पर 11 मुकदमे दर्ज हैं, जो शाहजहांपुर के साथ-साथ लखनऊ और सीतापुर में भी पंजीकृत हैं। हरिओम यादव पर भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। रासुका और गैंगस्टर एक्ट के तहत होगी इनपर कार्रवाई एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि मोबाइल टावरों से लिथियम बैटरी चोरी होना गंभीर अपराध है, क्योंकि बैटरी चोरी होने के बाद उस क्षेत्र की पूरी संचार व्यवस्था ठप हो जाती है। इससे आमजन के साथ-साथ आपात सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने कहा कि आरोपियों के आपराधिक इतिहास को देखते हुए इनके खिलाफ रासुका और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम को मिलेंगे 25 हजार गिरोह का पर्दाफाश करने वाली टीम को एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी धर्मेंद्र सिंह, सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार, रोजा थाना प्रभारी राजीव कुमार, उपनिरीक्षक गोविंद सिंह, सौरभ शुक्ला सहित रोजा थाने और एसओजी की टीम शामिल रही।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।