Shahjahnpur News: गुम हुए 151 मोबाइल बरामद, 35 लाख रुपये के फोन पाकर खिले लोगों के चेहरे
Shahjahnpur News: शाहजहांपुर जिला में सर्विलांस सेल, जनपदीय एसओजी और थानों की साइबर हेल्प डेस्क ने 151 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब 35 लाख रुपये है। मोबाइल मिलने पर लोग खुश हुए और पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की। लोगों से अपील की गई है कि मोबाइल चोरी होने पर शिकायत दर्ज करवाएं।

Shahjahnpur News: शाहजहांपुर। जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश में जुटी सर्विलांस सेल, जनपदीय एसओजी और थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त पुलिस टीम ने सर्विलांस की मदद से 151 एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। जिनकी अनुमानित कीमत करीब 35 लाख रुपये बताई गई है। बुधवार को रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। लंबे समय बाद अपना मोबाइल पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल मिलने पर शिकायतकर्ताओं ने शाहजहांपुर पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की。
पुलिस की कार्यप्रणाली
पुलिस के अनुसार, मोबाइल गुम होने के बाद लोग पुलिस अधीक्षक के समक्ष अथवा ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज कराते हैं। इन शिकायतों की सर्विलांस सेल द्वारा लगातार निगरानी की जाती है। तकनीकी माध्यमों से मोबाइल की लोकेशन और इस्तेमाल की जानकारी जुटाकर उन्हें बरामद करने की कार्रवाई की जाती है। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में प्रभारी सर्विलांस सेल/एसओजी उपनिरीक्षक मोहन देव शर्मा समेत सर्विलांस सेल, जनपदीय एसओजी और विभिन्न थानों की साइबर हेल्प डेस्क टीम शामिल रही。
मोबाइल गुम होने पर सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में सूचना देने के साथ CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कराएं। इसके लिए मोबाइल का IMEI नंबर, सिम संबंधी विवरण और शिकायत संख्या दर्ज करनी होती है। पुलिस ने सलाह दी है कि मोबाइल खरीदते समय उसका IMEI नंबर सुरक्षित रखें और मोबाइल गुम होने पर सिम को तत्काल बंद कराकर नया सिम जारी कराएं। इसके साथ ही किसी अनजान लिंक या व्यक्ति के साथ बैंकिंग अथवा व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें।


