छोटे लाट साहब जुलूस से पहले सुरक्षा की रिहर्सल, मार्ग निरीक्षण में जुटी पुलिस
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में 'छोटे लाट साहब' जुलूस को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पुलिस अधीक्षक ने जुलूस के मार्ग का निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था, यातायात डायवर्जन तथा भीड़ नियंत्रण के लिए आवश्यक निर्देश दिए। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित की जाएगी।

शाहजहांपुर, संवाददाता। आगामी ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस को सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी ने अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दीक्षा भंवरे अरुण और क्षेत्राधिकारी नगर पंकज पंत के साथ थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्र के अंतर्गत जुलूस के निर्धारित मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान रिहर्सल के लिए लगाई गई पुलिस ड्यूटियों को भी चेक किया गया। पुलिस अधीक्षक ने जुलूस के पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात डायवर्जन, बैरियर प्वाइंट, पिकेटिंग, हाई रिस्क और संवेदनशील स्थानों की पहचान, पैदल गश्त मार्ग, पुलिस बल की संभावित तैनाती, एंबुलेंस और फायर यूनिट की उपलब्धता का बारीकी से अवलोकन किया।
अधिकारियों के साथ चर्चा करते हुए उन्होंने संवेदनशील बिंदुओं पर अतिरिक्त पुलिस बल और दंगा नियंत्रण उपकरण तैनात करने के निर्देश दिए। ड्रोन कैमरे और सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। यातायात व्यवस्था को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में वैकल्पिक मार्ग तय कर आमजन को पूर्व सूचना देने और जाम की स्थिति से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस को सतर्क रहने को कहा गया। भीड़ नियंत्रण को लेकर निर्देशित किया गया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अनुशासनहीनता पर तुरंत कार्रवाई हो।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




