अब शोहदों की खैर नहीं, स्कूल-कॉलेज के पास कैमरों की रोजाना होगी रैंडम चेकिंग
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। कॉलेजों के बाहर असामाजिक हरकतों को देखते हुए एंटी रोमियो स्क्वायड और मिशन शक्ति टीम को सक्रिय किया गया है। संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी और कॉलेज के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।

शाहजहांपुर, संवाददाता। जिले में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने सख्त कदम उठाए हैं। शहर के गर्ल्स कॉलेजों के बाहर बढ़ती असामाजिक हरकतों के बाद पुलिस ने एंटी रोमियो स्क्वायड और जिले के सभी थानों में मिशन शक्ति टीम को सक्रिय कर दिया है। अब कॉलेजों के गेट पर संदिग्ध गतिविधियों पर रोजाना निगरानी रखी जाएगी और आसपास लगे सरकारी व प्राइवेट कैमरों की रैंडम चेकिंग होगी। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि शहर के कुछ कॉलेजों के बाहर शोहदों की हरकतें बढ़ गई हैं। कभी-कभी छात्राओं का पीछा किया जाता है, उन्हें डराया जाता है या इंस्टाग्राम आईडी और मोबाइल नंबर मांगने जैसी घटनाएं सामने आती हैं।
ऐसी घटनाओं से छात्राएं मानसिक रूप से असुरक्षित महसूस करती हैं और कई बार शिकायत करने में डरती हैं। इन हालातों को देखते हुए एसपी ने सख्त रुख अपनाया। गुरुवार को एसपी राजेश द्विवेदी ने शहर के कई गर्ल्स कॉलेजों का निरीक्षण किया। उन्होंने आर्य महिला इंटर कॉलेज, महिला डिग्री कॉलेज और नेशनल इंटर कॉलेज सहित कई कॉलेजों के बाहर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। एसपी ने परिसर और आसपास लगे कैमरों का निरीक्षण किया और यह सुनिश्चित किया कि कोई सामाजिक तत्व या असामाजिक लोग यहां जमावड़ा न कर सकें। कॉलेजों के आसपास रहने वाले लोगों से भी बातचीत कर माहौल का पता लगाया गया। इसके साथ ही एसपी राजेश द्विवेदी ने जिले के नागरिकों से अपील की कि अगर किसी भी असामाजिक हरकत को देखें तो तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने कहा कि अब शहर में शोहदों के लिए कोई जगह नहीं है। किसी भी प्रकार का गलत कदम उठाने से पहले दस बार सोचें, क्योंकि हमारी टीम हर समय चौकस है। छात्राओं की सुरक्षा के लिए किए गए इस कदम से शहर में एक सकारात्मक माहौल बनेगा और असामाजिक तत्वों में डर और सतर्कता बढ़ेगी। मिशन शक्ति और एंटी रोमियो स्क्वायड की सक्रिय निगरानी के बाद यह सुनिश्चित होगा कि कोई भी छात्रा कॉलेज के बाहर सुरक्षित न केवल महसूस करे, बल्कि असामाजिक गतिविधियों का सामना न करना पड़े। मिशन शक्ति की टीम को किया सक्रिय एसपी ने स्थानीय पुलिस और मिशन शक्ति टीम को निर्देश दिए कि कॉलेजों के बाहर खड़े बिना वजह लोगों पर कार्रवाई की जाए। ठेले और खोखे हटवाए जाएँ ताकि छात्राओं को अनावश्यक भीड़ का सामना न करना पड़े। छात्राओं को भी जागरूक रहने और संदेहास्पद गतिविधि होने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने के निर्देश दिए गए। जिले के सभी 22 थानों में मिशन शक्ति केंद्र जिले के सभी 22 थानों में मिशन शक्ति केंद्र बनाए गए हैं। प्रत्येक टीम में दो महिला दरोगा और छह सिपाही शामिल हैं। टीमों को अलग सीयूजी नंबर दिए गए हैं ताकि महिलाएं और छात्राएं सीधे संपर्क कर सकें। टीम न केवल कॉलेज के गेट पर निगरानी रखेगी, बल्कि क्षेत्र में जागरूकता अभियान भी चलाएगी। छुट्टी के समय या अन्य समय में कॉलेज के बाहर खड़े रहने वाले शोहदों पर तुरंत कार्रवाई होगी। ----- हाल में स्कूल-कॉलेज के पास बढ़ीं थीं घटनाएं हाल ही में स्कूल-कॉलेज के पास हुई घटनाओं ने इस कदम की आवश्यकता को स्पष्ट किया। बता दें कि कैंट क्षेत्र की एक छात्रा का आधा किलोमीटर तक पीछा किया गया और आरोपी ने इंस्टा आईडी व मोबाइल नंबर मांगने की कोशिश की। वहीं, एक महिला कॉलेज के सामने नाबालिग का पीछा करने वाला युवक स्टंट करता हुआ लड़की के सामने कूद गया, जिसे गिरते-गिरते बचाया गया। ऐसे मामलों के बाद एसपी ने निर्णय लिया कि अब हर कॉलेज के बाहर सुरक्षा कड़ी और निगरानी तेज होगी। मिशन शक्ति टीम और एंटी रोमियो स्क्वायड की यह कार्रवाई न केवल छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि शोहदों और असामाजिक तत्वों को खुलकर कॉलेज के आसपास आने से रोकेगी। छात्राओं और महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध पर नियंत्रण पाने के लिए यह कदम निर्णायक साबित होगा। -राजेश द्विवेदी, एसपी शाहजहांपुर। छात्राओं पर फब्तियां कसने वाले युवक को दबोचा कांट। छात्राओं पर फब्तियां कसने बाले युवक को एंटी रोमियों टीम ने दबोच लिया। गस्त कर रही टीम से राहगीरों की शिकायत पर आरोपी युवक के खिलाफ कड़ी कार्यवाही करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया है। गुरुवार को मदनापुर रोड पर स्थित राजकीय इंटर कालेज के पास एंटी रोमियों टीम गस्त पर थी। इसी दौरान राहगीरों ने टीम को बताया कि एक युवक कालेज की छात्राओं पर फब्तियां कसता है। जिससे छात्राएं परेशान हैं। इस पर टीम ने कालेज से कुछ दूरी पर खड़े युवक की पहचान कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम पिंकू निबासी ग्राम मितेपुर कोतवाली कांट बताया। टीम ने आरोपी टिंकू को कोतवाली ले जाकर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे हबालात में बंद कर दिया। मौके पर मौजूद स्थानीय नागरिकों और अभिभावकों ने पुलिस से गस्त बढाने और ऐसे असामाजिक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्यबाही की मांग की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


