
गोकशी का आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
संक्षेप: Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में खुटार पुलिस ने गोवध अधिनियम से जुड़े एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर में गोली लगी और उसके पास से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल और गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद हुए। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर आवारा गायों को पकड़कर काटने की बात स्वीकार की।
शाहजहांपुर। थाना खुटार पुलिस ने गोवध अधिनियम से जुड़े मुकदमे में वांछित एक आरोपी को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस, मोटरसाइकिल व गोकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं। एसपी राजेश द्विवेदी के निर्देश पर चल रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के दौरान खुटार पुलिस टीम तुलापुर से कोल्हूगाढ़ा की ओर जाने वाले खड़ंजे पर तेलो वाली पुलिया के पास मंगलवार की रात साढ़े 12 बजे संदिग्ध वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की मुठभेड़ मुजीबुर्रहमान उर्फ नेता पुत्र मियां खां निवासी जादमपुर कला थाना खुटार से हुई।

पुलिस की जवाबी फायरिंग में उसके दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को सीएचसी खुटार भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो कारतूस, बिना नंबर की मोटरसाइकिल, जानवर काटने के कुल्हाड़ी, छुरी, चापड़, रस्सी, लकड़ी का गुटका, टार्च और एक प्लास्टिक का बोरा बरामद हुआ। आरोपी ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वह अपने ससुर छोटे पुत्र नवाब और अन्य पांच साथियों के साथ मिलकर आवारा गौवंशीय पशुओं को पकड़कर जंगल में काटता था और मांस बेचकर कमाई करता था। घायल आरोपी के खिलाफ थाना खुटार में मुकदमा संख्या 486/2025 धारा 109(1)/352 बीएनएस व धारा 3/25/27 शस्त्र अधिनियम के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। फरार आरोपी भूरे खां निवासी केसरपुर (पीलीभीत) की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कार्यवाहक प्रभारी सुभाषचंद्र, उपनिरीक्षक अनुज चौधरी, ओमपाल सिंह व अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस के अनुसार शेष अभियुक्तों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही पूरे गैंग को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




