होली को लेकर पीस कमेटी की बैठक, शांति-सौहार्द्र बनाए रखने की अपील
Shahjahnpur News - आगामी होली पर्व के जुलूसों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाने के लिए मोहल्ला किला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में पीस कमेटी की बैठक हुई। जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया का सही उपयोग करने की अपील की। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।

आगामी होली पर्व एवं जुलूसों को सकुशल, शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मोहल्ला किला स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने की। बैठक में जुलूस आयोजकों, सभासदों, संभ्रांत नागरिकों और स्थानीय निवासियों ने सहभागिता कर अपने सुझाव रखे तथा प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। जिलाधिकारी ने कहा कि होली आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक समरसता का पर्व है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। उन्होंने अफवाहों से बचने और किसी भी भ्रामक सूचना को आगे न बढ़ाने की अपील की।
सोशल मीडिया के दुरुपयोग पर चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि भड़काऊ या सांप्रदायिक पोस्ट साझा न करें और संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। एसपी राजेश द्विवेदी ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा और सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी। बैठक में नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्र, एडीएम रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार और एएसपी देवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



