छेड़छाड़ के मामले में समझौते को लेकर बवाल, दो पक्षों में चले डंडे, लगाया जाम
कपसेड़ा गांव में एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय की युवती से छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद समझौते से मना करने पर शनिवार की सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस के सामने एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के...
कपसेड़ा गांव में एक समुदाय के लोगों ने दूसरे समुदाय की युवती से छेड़छाड़ कर दी। इसके बाद समझौते से मना करने पर शनिवार की सुबह दोनों पक्ष आमने-सामने हो गए। पुलिस के सामने एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के लोगों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा और लहूलुहान कर दिया। एक पक्ष के लोगों ने हाई-वे पर जाम लगा दिया।
पुलिस ने लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ा और दोनों पक्षों के कई लोगों को हिरासत में भी लिया। स्थिति तनावपूर्ण देखते हुए पुलिस ने गांव में फ्लैग मार्च निकाला। सीओ मंगल सिंह रावत ने घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कद दिया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी।सीओ मंगल सिंह रावत के मुताबिक, शुक्रवार शाम गांव में एक समुदाय के युवक ने दूसरे समुदाय की युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी थी।
इस मामले में पुलिस ने युवती की ओर से मुकदमा दर्ज कर एक आरोपी को भी हिरासत में ले लिया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद भी शनिवार को युवती और युवक के परिजनों के बीच समझौता कराने के लिए पंचायत हुई थी। पंचायत में श्री चंदन लाल विशाल इंटर कॉलेज के प्रबंधक वीरेश शर्मा समझौता करा रहे थे, लेकिन समझौता नहीं हुआ। पंचायत से वापस जाते समय पुरानी रंजिश को लेकर वीरेश शर्मा और प्रधान रामसनेही यादव के परिजन आमने-सामने हो गए। दोनों पक्षों में गाली गलौज होने लगा। फिर दोनों पक्षों में जमकर मारपीट होने लगी।
सूचना पर प्रभारी कोतवाल संतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के सामने भी जमकर लाठी-डंडे चले। जिसमें प्रधान सहित उसके पक्ष के पांच लोग लहूलुहान हो गए। उसके बाद कुछ लोग हाई-वे पर बैठ गए। जिससे जाम लग गया। पुलिस ने लाठीचार्ज कर हाईवे पर बैठे लोगों को खदेड़ दिया।
बवाल की जानकारी मिलने पर सीओ मंगल सिंह रावत मदनापुर, कटरा और जैतीपुर की पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में भी लिया।कोतवाली में जमकर हुई हाथापाईकपसेड़ा गांव में हुए बवाल के बाद पुलिस ने घायल प्रधान पक्ष को कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराने के लिए भेज दिया। कोतवाली में जब घायल प्रधान पक्ष के लोग आए तो वहां पर दूसरे पक्ष के भी लोग मौजूद थे। जिन्हें देखकर दोनों पक्षों में कोतवाली के अंदर गाली गलौज शुरू हो गया।
इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर हाथापाई हुई। कोतवाली का फोर्स कपसेड़ा गांव में चले जाने के कारण दोनों पक्षों को रोकने के लिए पर्याप्त फोर्स नहीं था। मौजूद कुछ पुलिस वालों ने बमुश्किल घायलों को अस्पताल भिजवाकर दूसरे पक्ष के लोगों को हिरासत में लिया।
पुलिस के साथ भी धक्का-मुक्की
हाईवे पर पुलिस के सामने ही डंडे लेकर दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ रहे थे। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही थी, लेकिन सत्ता पक्ष के नेताओं के गुरूर में दोनों पक्ष शांत होने का नाम नहीं ले रहे थे। इन लोगों ने पुलिस के साथ जमकर धक्का-मुक्की की और पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
दो लोगों को जिला अस्पताल किया रेफर
मारपीट में प्रधान रामस्नेही सहित उनके पक्ष के पांच लोग घायल हो गए। प्रभारी कोतवाल संतोष सिंह ने बताया कि प्रधान रामस्नेही, प्रधान के ससुर पूर्व प्रधान भगवानदीन यादव, विचित्र सिंह यादव, नन्ही देवी, संजय कुमार घायल हुए हैं। जिनमें से गंभीर हालत होने पर भगवानदीन और संजय कुमार को जिला अस्पताल डॉक्टरों ने रेफर किया है।
दोनों पक्षों की ओर से लगे रहे भाजपा के नेता
कपसेड़ा गांव में वीरेश शर्मा और प्रधान राम स्नेही के परिजनों में हुए बवाल के बाद दोनों पक्षों की ओर से भाजपा नेता लगे रहे। एक पक्ष की ओर से जहां भाजपा विधायक पुलिस को हड़काने में लगे हुए थे। वहीं दूसरी पक्ष की ओर से सत्ता पक्ष के बड़े मंत्री के करीबी लगे हुए थे। एक पक्ष की ओर से सत्ता पक्ष के बड़े नेता के पुत्र भी कोतवाली पहुंचे और पुलिस को अपने लहजे में सही कार्रवाई करने की बात कहकर चले गए। दोनों ओर से सत्ता पक्ष के नेता लगे होने के कारण पुलिस भी परेशान हो गई। इसके बाद पुलिस आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करने से बचने लगी।
तीन केस हुए दर्ज
पुलिस को दोनों पक्षों की ओर से तहरीर मिली है। मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में कुल तीन केस दर्ज किये गए हैं। पुलिस ने आठ आरोपियों को हिरासत में भी लिया है। कोतवाली में मारपीट करने वाले और हाईवे जाम करने वाले लोगों को पुलिस चिन्हित कर रही है जिनके खिलाफ भी पुलिस कड़ी कार्रवाई करेगी।
मंगल सिंह रावत, सीओ