
फॉलोअप::: तांत्रिक की हत्या का मामला अनसुलझा, रिपोर्ट तक दर्ज नहीं
Shahjahnpur News - फोटो 65- जंगल में स्थित तांत्रिक की झोपड़ी जहां शव मिला था।मीरानपुर कटरा, संवाददाता। एक माह बीतने को है, लेकिन तांत्रिक अनिल कश्यप उर्फ अन्नू की नृशंस हत्या का प्रकरण अनसुलझा है। जांच पड़ताल कर हत्या...
फोटो 65- जंगल में स्थित तांत्रिक की झोपड़ी जहां शव मिला था। मीरानपुर कटरा, संवाददाता। एक माह बीतने को है, लेकिन तांत्रिक अनिल कश्यप उर्फ अन्नू की नृशंस हत्या का प्रकरण अनसुलझा है। जांच पड़ताल कर हत्या का खुलासा तो दूर पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज करने की भी जरूरत नहीं समझी है। हत्या जैसे गंभीर अपराध के मामले में भी टालू रवैया पुलिस कार्यप्रणाली का हिस्सा बन चुका है। तांत्रिक अनिल कश्यप उर्फ अन्नू की हत्या का प्रकरण पुलिस कार्यप्रणाली की ज्वलंत बानगी है। बिजलीघर के पीछे जंगल में अधेड़ अनिल कश्यप उर्फ अन्नू पुत्र बनवारी लाल कश्यप की लाश विगत 21 अक्टूबर की शाम उसकी झोपड़ी के पास नाले में पुआल से ढकी मिली थी।
किसानों ने लाश देखी तो चर्चा फैली। पुलिस ने सूचना पर शव कब्जे में लेकर पीएम कराया। फारेंसिक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए थे। मृतक की पीएम रिपोर्ट में कई पसलियां टूटी होने के साथ चोटों का भी खुलासा हुआ था। मृतक की ईंट या पत्थर से कुचलकर नृशंस हत्या किए जाने का अनुमान है। मृतक मोहल्ला सराय का मूल निवासी था। उसकी नशाखोरी के चलते परिजनों रिश्तेदारों ने उससे काफी समय पहले संबंध विच्छेद कर लिया था। पैतृक घर बिकने के बाद वह एक दशक से जंगल में झोपड़ी बनाकर रह रहा था। चर्चा है झोपड़ी में चिलम का नशा करने वालों का जमघट रहता था। सधुक्कड़ी जीवन शैली में रहकर तंत्र मंत्र उसकी आजीविका का साधन बन गया। उसकी झोपड़ी पर महिला और बच्चों को भी जब तब देखे जाने की चर्चा रही। हत्या का नृशंस तरीके से अनुमान है वारदात किसी प्रतिशोध का नतीजा है। मृतक के भाई बहन बाहर रहते हैं। पीएम के बाद शव विवाहित बहन अंतिम संस्कार के लिए अपने साथ तिलहर ले गयी। अलबत्ता जघन्य हत्या के मामले में पुलिस ने जांच पड़ताल कर खुलासा करने का प्रयास तो दूर आज तक रिपोर्ट भी दर्ज करने की जरूरत नहीं समझी। पुलिस तहरीर न मिलने का रटा रटाया जवाब देकर पल्ला झाड़ रही है। प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल का कहना है तहरीर के अभाव में रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




