
सदर कोतवाली–नगर निगम रोड पर बड़ा गड्ढा बना खतरा
Shahjahnpur News - सदर कोतवाली से नगर निगम जाने वाली मुख्य सड़क पर एक बड़ा गड्ढा कई दिनों से बना हुआ है, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने इसे नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है। रात में गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे बाइक सवारों के लिए गंभीर दुर्घटनाएं हो सकती हैं।
सदर कोतवाली से नगर निगम जाने वाली मुख्य सड़क पर बना बड़ा गड्ढा लगातार हादसों को दावत दे रहा है, लेकिन नगर निगम के अधिकारी इसे नजरअंदाज करते दिखाई दे रहे हैं। सदर कोतवाली से मुड़ते ही पूर्व विधायक शरदवीर सिंह के आवास के पास सड़क धंसने से यह गड्ढा बना है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह गड्ढा एक सप्ताह से भी अधिक समय से जस का तस पड़ा है। न तो इसकी मरम्मत की गई और न ही लोगों को सावधान करने के लिए कोई संकेतक लगाया गया। रात के समय यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे बाइक सवारों और चार पहिया वाहनों के लिए गंभीर दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
हालात देख मोहल्ले के लोगों और आसपास के दुकानदारों ने गड्ढे में कूड़ा डालना शुरू कर दिया, ताकि वाहन चालक कम से कम यहां गति धीमी कर दें। हैरत की बात यह है कि नगर निगम के बड़े अधिकारी रोज इसी सड़क से होकर कलेक्ट्रेट तक जाते हैं, लेकिन विकास के जिम्मेदार ये अधिकारी इस खतरे को अनदेखा कर आगे बढ़ जाते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं होगा, तब तक नगर निगम की नींद नहीं खुलेगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




