
गन्ना छिलाई के दौरान दिखा तेंदुआ, मजदूर भागे, खेतों में दहशत
Shahjahnpur News - खुटार क्षेत्र में गन्ना छिलाई के दौरान तेंदुआ दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। मजदूर डरकर भाग गए और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कांबिंग की, लेकिन तेंदुआ का पता नहीं चला। एहतियातन गन्ना छिलाई का कार्य बंद करा दिया गया है। गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
खुटार। खुटार क्षेत्र में गन्ना छिलाई के दौरान तेंदुआ दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। मजदूरों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम ने ट्रैक्टर से कांबिंग कराई, लेकिन तेंदुआ की लोकेशन ट्रेस नहीं हो सकी। एहतियातन गन्ना छिलाई का काम फिलहाल बंद करा दिया गया है। बरगदिया गांव में रविवार को सुरेंद्र के खेत में गन्ना छिलाई का कार्य चल रहा था। सुबह करीब आठ बजे गन्ना छील रहे मजदूरों गुड्डू, सर्वेश, पुतान सिंह, ध्रुव और सुरेश को खेत के भीतर आहट सुनाई दी। शोर मचाने पर तेंदुआ गन्ने से निकलकर पास के दूसरे खेत की ओर चला गया।
तेंदुआ सामने आते ही मजदूरों के होश उड़ गए और वे इधर-उधर भागकर जान बचाने में सफल रहे। घटना की सूचना मिलते ही वन क्षेत्राधिकारी मनोज श्रीवास्तव के साथ वन दरोगा रोहित पाण्डेय, संदीप कुमार, आशीष शुक्ला, संतोष पाठक और अधीर शर्मा मौके पर पहुंचे। टीम ने ट्रैक्टर की मदद से खेतों में कांबिंग कराई, लेकिन घना गन्ना होने के कारण तेंदुआ के पगचिह्न नहीं मिल सके। वन विभाग ने गन्ना के खेत में तेंदुआ होने की आशंका को देखते हुए छिलाई का काम अस्थायी रूप से बंद करा दिया है। ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले सुबह करीब चार बजे तेंदुआ सुरेश के दरवाजे तक पहुंच गया था। शोर-शराबा होने पर वह आबादी छोड़कर गन्ना के खेत में चला गया। इसके बाद से गांव में दहशत का माहौल है और किसान खेतों में जाने से डर रहे हैं। वन क्षेत्राधिकारी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची थी। लगातार कांबिंग कर तेंदुआ की लोकेशन ट्रेस करने का प्रयास किया जा रहा है। गन्ना का खेत होने के कारण पगचिह्न नहीं मिल सके हैं। उन्होंने बताया कि वन विभाग की टीम की मौजूदगी में ही गन्ना छिलाई कराई जाएगी, ताकि किसी प्रकार की घटना न हो। साथ ही ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों की ओर न जाने की अपील की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




