अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज के विरोध में कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में वकीलों ने लखनऊ में हुए लाठीचार्ज के खिलाफ प्रदर्शन किया। वकीलों ने प्रशासन से उच्च स्तरीय जांच की मांग की और आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण विरोध कर रहे वकीलों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया। ज्ञापन में लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और घायल वकीलों को मुआवजा देने की मांग की गई।

शाहजहांपुर। लखनऊ में अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को शाहजहांपुर में अधिवक्ताओं का आक्रोश फूट पड़ा। सेंट्रल बार एसोसिएशन के बैनर तले वकीलों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन कर नारेबाजी की और राज्य सरकार के खिलाफ रोष जताते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई। महासचिव अधिवक्ता राजेश अवस्थी के नेतृत्व में पहुंचे अधिवक्ताओं ने प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। अधिवक्ताओं का आरोप था कि लखनऊ में शांतिपूर्ण विरोध कर रहे वकीलों पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और अधिवक्ताओं की बैठने की व्यवस्था को भी हटाया गया। इसे कानून व्यवस्था के नाम पर दमनात्मक कार्रवाई बताया गया।
ज्ञापन में मांग की गई कि लाठीचार्ज के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और घायल अधिवक्ताओं को पांच-पांच लाख रुपये का मुआवजा दिया जाए। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग भी की गई। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


