सिल्हुआ में जमीन विवाद ने लिया तूल, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल
Shahjahnpur News - खुटार के सिल्हुआ गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई। एक पक्ष ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें मारपीट और जबरन कब्जे का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है और एक पक्ष के सदस्यों को थाने ले जाया गया। विवाद के दौरान पुलिस वाहनों पर भी पथराव हुआ।

खुटार, संवाददाता। खुटार के सिल्हुआ गांव में जमीन विवाद को लेकर गुरुवार रात दो पक्ष आमने-सामने आ गए। मामले में मारपीट, पथराव और पुलिस कार्रवाई को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। शुक्रवार को दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए गए, जिसके बाद पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठे हैं। एक पक्ष की ओर से संजय सिंह उर्फ जासूस की पत्नी पंक्षी ने छह लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मारपीट, धमकी और जबरन कब्जे का मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि गांव के सत्यपाल यादव, मेंबर यादव, विष्णु देव यादव, मंजू, रीता और शालू ने घर में घुसकर विवाद किया।
दूसरे पक्ष के मेंबर सिंह का कहना है कि संबंधित जमीन का बैनामा उसके नाम है और गुरुवार रात करीब 9:30 बजे कुछ लोग उसकी खरीदी गई संपत्ति पर कब्जे का प्रयास कर रहे थे। सूचना पर डायल 112 पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराया, लेकिन देर रात दोबारा विवाद बढ़ गया। पुलिस सत्यपाल यादव को थाने ले गई। सत्यपाल पक्ष का आरोप है कि रात करीब डेढ़ बजे पुलिस दो-तीन गाड़ियों से घर पहुंची और बाहर रखा सामान क्षतिग्रस्त किया। महिलाओं से अभद्रता का भी आरोप लगाया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने पुलिस वाहन पर पथराव किया, जिससे कार क्षतिग्रस्त हुई। शुक्रवार को पुलिस ने सत्यपाल यादव का शांति भंग में चालान किया। थानाध्यक्ष श्यामवीर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




