पुवायां के युवक का हरदोई में अपहरण, दबिश के बाद बरामद
पुवायां के एक गांव से 18 वर्षीय हैप्पी का हरदोई में अपहरण किया गया। अपहरणकर्ताओं ने फोन कर 40 हजार रुपये मांगे, लेकिन किशोर को नहीं छोड़ा। पुलिस की सक्रियता से हैप्पी को बरामद किया गया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।

पुवायां। थाना क्षेत्र के एक गांव के युवक के हरदोई में अपहरण का मामला सामने आया है। आरोप है कि अपहरणकर्ताओं ने फोन कर 40 हजार रुपये मंगवाए, लेकिन रकम मिलने के बाद भी युवक को नहीं छोड़ा। सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस ने दबिश देकर किशोर को बरामद कर लिया, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गए। पटई गांव के मजरा शंभूपुर निवासी लालाराम का 18 वर्षीय पुत्र हैप्पी रविवार को गांव के कुछ लड़कों के साथ हरदोई में सोलर का काम करने गया था। बताया गया कि सभी लोग बस से पिहानी चुंगी पहुंचे। जैसे ही हैप्पी बस से उतर रहा था, तभी कुछ लोग वहां आ गए और उसे जबरन पकड़ लिया।
साथ गए अन्य युवक डरकर मौके से भाग निकले और घटना की सूचना परिजनों को दी।परिजनों के मुताबिक बाद में हैप्पी के मोबाइल से फोन कर 40 हजार रुपये डालने को कहा गया। रकम भेजने के बाद भी जब किशोर को नहीं छोड़ा गया और मोबाइल बंद कर लिया गया, तो शक गहराया। इसके बाद साथ गए युवकों से जानकारी लेकर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी, जिससे घबराकर आरोपी किशोर को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने हैप्पी को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।


