
चाइनीज मांझा फिर बना खतरा, दो लोग घायल
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से लगातार घटनाएं बढ़ रही हैं। हाल ही में दो लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने पहले कार्यवाही की थी लेकिन अब वह सुस्त पड़ चुकी है। शहर में मांझा बेचने वालों पर कार्रवाई की जा रही है और प्रशासन से सख्त कदम उठाने की मांग हो रही है।
शाहजहांपुर शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे से होने वाली घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। शनिवार और रविवार को दो अलग-अलग जगह दो लोग इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हालात ये हैं कि प्रशासन और पुलिस की कार्रवाई सुस्त पड़ते ही मांझे का कारोबार फिर तेज हो गया है, जिससे राहगीरों की जान पर बन आई है। पहली घटना शनिवार शाम चौक कोतवाली क्षेत्र के ककरा पुल के पास हुई। थाना कांट क्षेत्र का रहने वाला ऋषिपाल काम से लौटते समय बाइक से गुजर रहा था कि अचानक उसके गले में चाइनीज मांझा उलझ गया। मांझे की धार ने उसके गले को बुरी तरह काट दिया और वह बाइक सहित सड़क पर गिर पड़ा।

स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। इस घटना की जानकारी पुलिस को अब तक नहीं दी गई। चौक कोतवाली इंस्पेक्टर अश्वनी कुमार ने बताया कि उन्हें कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई है, हालांकि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। इसी तरह, रविवार शाम बीबीजई हद्दफ निवासी शशांक मिश्रा कोचिंग से लौट रहा था। एसपी कॉलेज के पास अचानक चाइनीज मांझा उसके गर्दन और हाथ में उलझ गया। मांझे की तेज धार से वह लहूलुहान हो गया। शशांक संजय विद्या मंदिर का 12वीं का छात्र है। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत प्राथमिक चिकित्सा दिलाई। सौभाग्य से उसकी चोटें गंभीर नहीं बताई जा रही हैं। जानलेवा बन चुका है मांझा, पुलिस का अभियान सुस्त शाहजहांपुर में चाइनीज मांझा पहले भी कई जानलेवा हादसों का कारण बन चुका है। करीब डेढ़ वर्ष पहले अजीजगंज के पास एक कांस्टेबल की मौत और भाईदूज पर रोजा क्षेत्र में एक व्यक्ति की मांझे से कटकर मौत हो चुकी है। इन घटनाओं के बाद पुलिस ने मांझा बेचने वालों पर अभियान चलाया था, लेकिन वर्तमान हालात देखकर लगता है कि यह अभियान ठंडा पड़ चुका है। लगातार हो रही घटनाओं ने लोगों में दहशत बढ़ा दी है और प्रशासन से दोबारा सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। उधर इस बाबत एसपी शाहजहांपुर राजेश द्विवेदी ने बताया कि शहर में अभियान चलाकर कुछ लोगों को उठाया गया है। पूछताछ की जा रही है। उनकी निशानदेही पर अन्य जगहों पर छापेमारी की जाएगी। जल्द ही चाइनीज मांझा बेचने वाले गिरोह का पर्दाफाश होगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




