स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में वायु गुणवत्ता निगरानी उपकरण का उद्घाटन
Shahjahnpur News - शाहजहांपुर में स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में सतत वायु गुणवत्ता निगरानी उपकरण का उद्घाटन किया गया। स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि शुद्ध वायु श्वसन प्रणाली को मजबूत करती है और स्वास्थ्य को बेहतर बनाती है। कॉलेज के प्राचार्य ने वायु गुणवत्ता के स्वास्थ्य पर प्रभाव की बात की। यह उपकरण वायु की सटीक जानकारी प्रदान करेगा।
शाहजहांपुर, संवाददाता। शुद्ध वायु का सेवन श्वसन प्रणाली को मजबूत बनाता है, जिससे शरीर को अधिक ऑक्सीजन और प्राण शक्ति प्राप्त होती है। इससे व्यक्ति निरोगी और सकारात्मक बना रहता है, साथ ही मस्तिष्क को अधिक ऑक्सीजन मिलने से सोचने और ध्यान केंद्रित करने की क्षमता भी बढ़ती है। ये विचार मुमुक्षु शिक्षा संकुल के अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद ने स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में सतत वायु गुणवत्ता निगरानी उपकरण के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने अथर्ववेद का उल्लेख करते हुए कहा कि “अपो वात औषधयः” अर्थात वायु और जल पवित्र हैं और प्राकृतिक औषधियों के समान हैं। इसलिए इन्हें स्वच्छ बनाए रखने के साथ-साथ उनकी सतत निगरानी भी अत्यंत आवश्यक है।
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर आर.के. आजाद ने कहा कि वायु गुणवत्ता का प्रभाव केवल स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवन के अन्य पहलुओं को भी प्रभावित करता है। वर्तमान समय में प्रदूषित हवा हर जगह मौजूद है, ऐसे में यह जरूरी है कि हम स्वयं को इसके दुष्प्रभावों से अधिक से अधिक बचाने का प्रयास करें। रसायन विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि यह उपकरण राज्य सरकार द्वारा प्राप्त शोध अनुदान के अंतर्गत स्थापित किया गया है। उन्होंने कहा कि अब तक जनपद में वायु गुणवत्ता की सतत निगरानी के लिए कोई प्रमाणित उपकरण उपलब्ध नहीं था। यह आधुनिक उपकरण उन्नत सेंसर तकनीक पर आधारित है, जो वायु की एक्यूआई, पीएम 2.5, पीएम 10, कार्बन मोनोऑक्साइड, कार्बन डाइऑक्साइड, ओजोन, नाइट्रोजन ऑक्साइड और सल्फर ऑक्साइड की सटीक जानकारी प्रदान करेगा। इस अवसर पर डॉ. जयशंकर ओझा, डॉ. संदीप दीक्षित, डॉ. अमित कुमार, डॉ. चंदन गिरि गोस्वामी, मंजीत कुमार, शशांक शेखर, रवि सिंह, सत्यपाल और धर्मेंद्र सहित कई लोग उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


