Shahjahnpur News: बारिश से सुहावना रहा मौसम, जलभराव ने बढ़ाई परेशानी
Shahjahnpur News: शाहजहांपुर में बुधवार को हुई बारिश के कारण मौसम सुहावना रहा। दिनभर बारिश में 10 मिलीमीटर मापी गई। लेकिन जलभराव के कारण कई इलाकों में आवागमन प्रभावित हुआ। नालों के निर्माण और सड़क के काम पूरा न होने से बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक परेशान हुए।

Shahjahnpur News: शाहजहांपुर। बुधवार को हुई बारिश से दिनभर मौसम सुहावना बना रहा। सुबह से आसमान में बादलों की आवाजाही जारी रही। शाम करीब चार बजे एक बार फिर तेज बूंदाबांदी हुई। इसके बाद बादलों का जमावड़ा बना रहा, लेकिन बारिश नहीं हुई। दिनभर हुई बारिश करीब 10 मिलीमीटर दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 29.5 और न्यूनतम 25.5 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा पूर्व दिशा से चली, जबकि आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। बारिश के बाद शहर के कई इलाकों में जलभराव और कीचड़ से लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। रोडवेज वाले रास्ते पर सबसे ज्यादा दिक्कत रही। यहां नाला निर्माण कार्य चलने और सड़क का निर्माण पूरा नहीं होने से बारिश का पानी भर गया।
पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से कई बाइक सवार और ई-रिक्शा चालक पानी में पलट गए। इससे लोगों के कपड़े भी गंदे होते रहे। निगोही रोड पर भी जलभराव के कारण आवागमन प्रभावित रहा। लोधीपुर, सुभाषनगर, बरेली मोड़ समेत कई स्थानों पर सड़कें पानी से लबालब दिखाई दीं। बारिश थमने के बाद भी कई जगह पानी जमा रहा, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।


