
प्रकाश पर्व पर नगर कीर्तन से गूंजा शहर, हजारों संगत रही शामिल
Shahjahnpur News - गुरु गोविंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा कचहरी रोड द्वारा भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। नगर कीर्तन की शुरुआत पंजाब सर्विस स्टेशन से हुई, जिसमें संगत ने श्रद्धा के साथ भाग लिया। विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा और चाय-नाश्ते की व्यवस्था की गई।
गुरु गोविंद सिंह महाराज के प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा कचहरी रोड के तत्वावधान में भव्य नगर कीर्तन का आयोजन किया गया। चार खंभा स्थित पंजाब सर्विस स्टेशन से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई, जहां गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में पांच प्यारों की अगुवाई में शोभायात्रा आगे बढ़ी। सबसे आगे नगाड़े की गूंज के साथ नगर कीर्तन के आगमन की सूचना दी जा रही थी। नगर कीर्तन में अलीगढ़ से आई बाबा जुझार सिंह की गतका पार्टी ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर संगत का मन मोह लिया। शबद कीर्तन की मधुर धुनों के बीच संगत निहाल होती रही।
गुरु नानक कन्या पाठशाला और खालसा शिशु शिक्षा सदन के बच्चे रंग-बिरंगे परिधानों में अपने करतब प्रस्तुत करते हुए चल रहे थे। गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा और गुरुद्वारा कुटिया साहिब के हजूरी रागी ट्रालियों में कीर्तन करते हुए नगर कीर्तन का हिस्सा बने। गुरु महाराज की पालकी के आगे बच्चे और महिलाएं झाड़ू व पानी से मार्ग की सफाई करते हुए चलीं। नरसिंघा की ध्वनि के साथ संगत को गुरु महाराज के आगमन की जानकारी दी जा रही थी। फूलों से सजी पालकी में गुरु ग्रंथ साहिब विराजमान थे, जिसके पीछे हजारों की संख्या में सिख संगत शबद कीर्तन करती चल रही थी। नगर कीर्तन चार खंबा से शुरू होकर केरूगंज, चौक मालखाना मोड़, घंटाघर, बहादुरगंज, सदर बाजार और गोविंदगंज होते हुए पुनः गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुआ। मार्ग में जगह-जगह संगतों और स्थानीय लोगों ने पुष्प वर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया। विभिन्न स्थानों पर चाय और नाश्ते के स्टाल लगाए गए, जहां संगतों की सेवा की गई। इससे पहले गुरु ग्रंथ साहिब को ढोल-नगाड़ों और मोटरसाइकिलों के साथ श्रद्धापूर्वक गोविंदगंज मार्ग से चार खंबा लाया गया, जहां से नगर कीर्तन की शुरुआत हुई। पूरे मार्ग पर बोले सो निहाल के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। नगर कीर्तन के सफल आयोजन में गुरुद्वारा गुरु सिंह सभा की संस्था अध्यक्ष कमलेश कौर माटा, महासचिव हरभजन सिंह दुआ, सीनियर मीत प्रधान, जुझार सिंह, मोंगा, धार्मिक सचिव जगजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में सेवादारों और संगतों का सहयोग रहा। नगर कीर्तन का संचालन राजू बग्गा ने किया। आयोजन शांतिपूर्ण और धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




