
बरसात से पहले ककरा पुल होगा ऊंचा, सवा चार करोड़ का बजट जारी
Shahjahnpur News - शहर के लिए राहत की खबर है। लोक निर्माण विभाग ने ककरा पुल को ऊंचा करने के लिए सवा चार करोड़ रुपये का बजट जारी किया है। पिछले साल आई बाढ़ में पुल की कम ऊंचाई के कारण शहर में जलभराव हुआ था। अब पुल को 80 सेंटीमीटर ऊंचा करने का काम शुरू होगा, जिससे भविष्य में बाढ़ की समस्या कम होगी।
शहर के लिए राहत भरी खबर है। गर्रा नदी पर ककरा में बने नए पुल को ऊंचा करने के लिए लोक निर्माण विभाग ने सवा चार करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया है। पिछले वर्ष आई बाढ़ के दौरान इसी पुल की कम ऊंचाई शहर में जलभराव और तबाही की बड़ी वजह बनी थी। आपके अपने अखबार हिन्दुस्तान में इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद अब विभाग सक्रिय हुआ है और पुल ऊंचा करने की दिशा में काम आगे बढ़ा है। पिछले साल जब गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ा था, तब ककरा में बने नए पुल से नदी का पानी टकराने लगा था।
पुल की ऊंचाई कम होने के कारण पानी का बहाव आगे नहीं बढ़ सका और आसपास के इलाकों में कई फीट तक जलभराव हो गया था। हालात ऐसे बन गए थे कि पानी लखनऊ-दिल्ली हाईवे तक पहुंच गया और हाईवे पर जाम लग गया था। कई मोहल्लों में घरों में पानी घुस गया था, जिससे लोगों को अपने घर छोड़ने तक की नौबत आ गई थी। बाढ़ के दौरान प्रशासन ने रात-दिन मेहनत कर फंसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया था। राहत शिविर बनाए गए थे और लोगों के रहने-खाने की व्यवस्था की गई थी। इसके बावजूद जलभराव और यातायात बाधित होने से आम जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हुआ था। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया था कि यदि ककरा पुल की ऊंचाई पर्याप्त होती, तो पानी का बहाव सीधे निकल जाता और शहर को इस स्थिति का सामना नहीं करना पड़ता। डीएम ने लगभग 80 सेंटीमीटर ऊंचा करने का भेजा था प्रस्ताव इसी को देखते हुए जिलाधिकारी ने पुल को लगभग 80 सेंटीमीटर ऊंचा करने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। हालांकि प्रस्ताव भेजे जाने के बाद भी लोक निर्माण विभाग की ओर से बजट जारी न होने के कारण काम रुका हुआ था। इस बीच 10 जनवरी के अंक में हिंदुस्तान ने “समय रहते ककरा पुल नहीं हुआ ऊंचा तो दोबारा डूबेगा शहर” शीर्षक से जन समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर छपने के बाद विभाग ने प्रस्ताव पर कार्रवाई तेज की और 12 जनवरी को पुल को ऊंचा करने के लिए सवा चार करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




