Shahjahnpur News: गैंगस्टर एक्ट में गैंग लीडर समेत तीन दोषियों को 5-5 साल की जेल
Shahjahnpur News: शाहजहांपुर की विशेष न्यायाधीश ने चोरी और नकबजनी से दहशत फैलाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को दोषी ठहराया। उन्हें पांच-पांच साल की सश्रम कारावास और 10,000 रुपये का अर्थदंड भी दिया गया। यह मामला 2022 से जुड़ा है, जब पुलिस ने गिरोह के खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज किए।

Shahjahnpur News: शाहजहांपुर। विशेष न्यायाधीश गैंगस्टर एक्ट अतीक उद्दीन की अदालत ने चोरी और नकबजनी के जरिए इलाके में दहशत फैलाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को दोषी करार देते हुए पांच-पांच साल के सश्रम कारावास की सजा सुनाई है। अदालत ने प्रत्येक दोषी पर 10-10 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। अर्थदंड जमा न करने पर अतिरिक्त कारावास भुगतना होगा। मामला निगोही थाना क्षेत्र से वर्ष 2022 से जुड़ा है। तत्कालीन थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक दिलीप कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त और संदिग्धों की चेकिंग कर रहे थे। विवेचना के दौरान पुलिस के सामने आया कि गैंग लीडर झण्डु उर्फ राजेश अपने साथियों के साथ संगठित गिरोह चला रहा था।
पुलिस के मुताबिक गिरोह अनुचित आर्थिक लाभ के लिए चोरी, नकबजनी और जानलेवा हमले जैसे अपराध करता था।गिरोह के खिलाफ निगोही, परौर और खुटार थानों में कई आपराधिक मामले दर्ज होने की बात सामने आई। पुलिस ने विवेचना पूरी करने के बाद आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से विशेष लोक अभियोजक अमित बाजपेई ने साक्ष्य और गवाह पेश किए। पत्रावली पर उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों का परीक्षण करने के बाद अदालत ने गैंग लीडर झण्डु उर्फ राजेश निवासी चाहरपुर, थाना मदनापुर, संजय वाल्मीकि और अर्जुन वाल्मीकि निवासी कांशीराम नगर, पुवायां को दोषी ठहराया। गिरोह के चौथे सदस्य सर्वेश वाल्मीकि का मामला पूर्व में जुर्म इकबाल के आधार पर निस्तारित किया जा चुका है।


