शाहजहांपुर में हाईवे पर बस और कार की टक्कर में तीन की मौत, तीन की हालत गंभीर

Mar 11, 2026 10:32 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, शाहजहांपुर
share

Shahjahnpur News - शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। एनएच-730सी पर ठिंगरी गांव के पास बस और कार की टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घने कोहरे के कारण यह दुर्घटना हुई। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

शाहजहांपुर में हाईवे पर बस और कार की टक्कर में तीन की मौत, तीन की हालत गंभीर

शाहजहांपुर के अल्हागंज क्षेत्र में बुधवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। ठिंगरी गांव के पास एनएच-730सी पर रोडवेज बस और सेवन सीटर कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद कार सड़क से करीब दस फीट नीचे खाई में जा गिरी। बस भी अनियंत्रित होकर पलटने से बाल-बाल बच गई। जानकारी के अनुसार लखीमपुर खीरी जिले के थाना हैदराबाद क्षेत्र के मूड़ा भाई छतौनिया और मूड़ा खालसा गांव के रहने वाले कुछ लोग कार से नई गाड़ी लेने इटावा जा रहे थे।

बुधवार सुबह करीब सात बजे जब उनकी कार अल्हागंज क्षेत्र में ठिंगरी गांव के पास पहुंची, तभी घने कोहरे के कारण सामने से बरेली की ओर जा रही बरेली डिपो की रोडवेज बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार कई बार पलटते हुए सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।ग्रामीणों और पुलिस ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। एंबुलेंस की मदद से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया। वहां से उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें फर्रुखाबाद के लिए रेफर कर दिया गया। कार में फंसे चालक को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब डेढ़ घंटे बाद दो जेसीबी मशीनों की मदद से चालक को बाहर निकाला जा सका।हादसे में अरुण (30) पुत्र गुरचरण, ऋषभ (32) पुत्र महेंद्र और संजय पुत्र बालकराम, सभी निवासी ग्राम मूड़ा खालसा, अमीन नगर, थाना मोहम्मदी, जिला लखीमपुर खीरी की मौत हो गई। वहीं अनिल पुत्र गुरचरण और गौरव पुत्र महेंद्र, निवासी मूड़ा भाई छतौनिया, थाना हैदराबाद, जिला लखीमपुर खीरी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय रोडवेज बस में सवार कुछ यात्रियों को भी हल्की चोटें आईं। बाद में वे दूसरी बसों और अन्य साधनों से अपने गंतव्य के लिए रवाना हो गए।पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस का कहना है कि घने कोहरे के कारण दृश्यता कम होने से यह हादसा हुआ। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।