हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी, एक एकड़ गेहूं की फसल जली
Shahjahnpur News - खुटार क्षेत्र के नवाजपुर गांव में किसान की एक एकड़ गेहूं की फसल हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से जल गई। आग लगने की सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच पाई। किसान ने आरोप लगाया कि विद्युत लाइन के जर्जर तारों के कारण हादसा हुआ और अब उसने कार्रवाई की मांग की है।
खुटार, संवाददाता। खुटार क्षेत्र के नवाजपुर गांव निवासी किसान की गेहूं की फसल हाईटेंशन लाइन से निकली चिंगारी से जलकर राख हो गई। आग की इस घटना में करीब एक एकड़ फसल नष्ट हो गई। सूचना के बावजूद फायर ब्रिगेड समय पर नहीं पहुंच सकी, जिससे नुकसान बढ़ गया। किसान सिंघारा सिंह ने रौतापुर कला निवासी गुरमेल सिंह और सेवा सिंह की जमीन ठेके पर लेकर खुटार-पुवायां रोड के पास गेहूं की फसल बोई थी। बताया गया कि तेज आंधी-बारिश के चलते फसल पहले ही गिर चुकी थी। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे खेत के ऊपर से गुजर रही 33 हजार वोल्ट लाइन में स्पार्किंग हुई, जिससे गेहूं में आग लग गई।
आग लगते ही लपटें तेजी से फैल गईं। राहगीरों की सूचना पर किसान और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन वाहन समय पर नहीं पहुंचा। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक करीब एक एकड़ फसल जल चुकी थी। किसान का आरोप है कि विद्युत लाइन के तार जर्जर हैं और आपस में टकराते रहते हैं, जिससे हादसा हुआ। मामले में किसान ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं हल्का लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट तैयार करने की बात कही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


