इंजेक्शन लगाने के बाद किसान की मौत, लापरवाही का आरोप
Shahjahnpur News - ढकिया तिवारी गांव में एक किसान पवन सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने चिकित्सक पर बिना जांच के इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। पवन को सीने में दर्द होने पर चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां उनकी हालत बिगड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

निगोही, संवाददाता। ढकिया तिवारी गांव में शनिवार सुबह एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों ने गांव के एक चिकित्सक पर बिना जांच इंजेक्शन लगाने का आरोप लगाया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। गांव निवासी पवन सिंह (45) सुबह गन्ने का खेत तैयार करने गए थे। इसी दौरान उन्हें सीने में दर्द की शिकायत हुई। परिजन बताते हैं कि पवन सिंह गांव के एक चिकित्सक के पास दवा लेने पहुंचे, जहां बिना किसी जांच के उन्हें इंजेक्शन लगा दिया गया।
आरोप है कि इंजेक्शन लगने के करीब आधे घंटे बाद ही उनकी हालत बिगड़ गई और मौत हो गई। पवन सिंह दो भाइयों में छोटे थे। बड़े भाई रहीशपाल खेती-बाड़ी करते हैं। परिवार में तीन बेटे वासुदेव, गुरुदेव और छोटू हैं, जिनमें वासुदेव की शादी हो चुकी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो सकेंगे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


