Hindi NewsUttar-pradesh NewsShahjahnpur NewsFake Aadhaar Card Racket Busted in Jalalabad Two Arrested
कोटेदार के घर फर्जी आधार कार्ड बनाते दो गिरफ्तार, पति फरार

कोटेदार के घर फर्जी आधार कार्ड बनाते दो गिरफ्तार, पति फरार

संक्षेप:

Shahjahnpur News - जलालाबाद के गांव पलरई में कोटेदार के घर पर चल रहे फर्जी आधार कार्ड बनाने के धंधे का भंडाफोड़ किया गया। पुलिस ने हरदोई के दो युवकों को गिरफ्तार किया, जिनके पास लैपटॉप और फिंगर मशीन मिली। मुख्य आरोपी कोटेदार का पति फरार है और उसके खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

Dec 14, 2025 01:28 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, शाहजहांपुर
share Share
Follow Us on

जलालाबाद क्षेत्र के गांव पलरई में कोटेदार के घर चल रहे फर्जी आधार कार्ड बनाने के धंधे का तहसील प्रशासन और पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। मौके से जनपद हरदोई के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके पास से लैपटॉप, फिंगर मशीन डिवाइस और कई पर्चियां बरामद की गई हैं। मामले में तीन अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी कोटेदार का पति फरार है। उपजिलाधिकारी प्रभात राय को सूचना मिली थी कि ग्राम पंचायत पलरई में कोटेदार आरती राठौर के घर पर अवैध रूप से आधार कार्ड बनाए जा रहे हैं। सूचना मिलते ही एसडीएम ने तहसीलदार अनुराग दुबे और नायब तहसीलदार रोहित कटियार को जांच के निर्देश दिए।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

प्रशासनिक टीम थाना प्रभारी राजीव कुमार तोमर और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, जहां कोटेदार के घर के अंदर फर्जी तरीके से आधार कार्ड बनाते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान जनपद हरदोई के थाना बेहटा गोकुल क्षेत्र निवासी हरगोविंद और थाना मझिला क्षेत्र निवासी अर्पित पांडे के रूप में हुई। पूछताछ में सामने आया कि दोनों को कोटेदार के पति गुड्डू राठौर ने क्षेत्र में आधार कार्ड बनाने के लिए बुलाया था। आरोप है कि गुड्डू राठौर लोगों से आधार कार्ड बनवाने के नाम पर एक से दो हजार रुपये वसूल करता था। इसके बाद दोनों युवक फर्जी तरीके से आधार प्रक्रिया पूरी कर एक पर्ची थमा देते थे और आधार कार्ड डाक से घर पहुंचने का झांसा देते थे। पुलिस ने बरामद लैपटॉप, फिंगर मशीन और पर्चियों की गहन जांच शुरू कर दी है। इस मामले में फर्जीवाड़ा, धोखाधड़ी और आईटी एक्ट समेत संबंधित धाराओं में तीन अभियुक्तों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी गुड्डू राठौर की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई बार उसके घर दबिश दी, लेकिन वह पुलिस की पकड़ से बाहर है। थाना प्रभारी राजीव कुमार तोमर ने बताया कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच की जा रही है। जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे गिरोह का खुलासा किया जाएगा।