अपना दल समर्थित पूजा कसाना बनीं नगर पंचायत कटरा की नई अध्यक्ष
Shahjahnpur News - ट के बावजूद सपा को 500 भी नहीं मिले, पिछली बार तीसरे पर रही भाजपा इस बार रही रनरअपफोटो 07- तिलहर में चुनाव जीतने के बाद प्रमाण पत्र के साथ पूजा कसाना

तिलहर-मीरानपुर कटरा। नगर पंचायत कटरा के अध्यक्ष पद के लिए हुए उपचुनाव की मतगणना में अपना दल एस समर्थित प्रत्याशी पूजा कसाना ने 401 मतों से जीत दर्ज की। मतगणना पूरी होने के बाद प्रशासन ने परिणाम घोषित कर दिया, जिसके बाद समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। चुनाव अधिकारी एसडीएम जीत सिंह राय ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि आल इंडिया ब्लॉक फॉरवर्ड पार्टी व अपना दल एस समर्थित प्रत्याशी पूजा कसाना को कुल 4375 मत, भारतीय जनता पार्टी के सोनम गुप्ता को 3974 मत, कांग्रेस पार्टी के वाजिद को 3109 मत, समाजवादी पार्टी के भरत को 488 मत, राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी के सरवेद अहमद को 234 मत, निर्दलीय प्रत्याशी अब्दुल समद को 252, रचना को 83, रजी अहमद को 83 और वसीम को 66 मत प्राप्त हुए। जिसके अनुसार पूजा कसाना ने भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता को 401 वोट से हराकर जीत हासिल की। वहीं नोटा में 123 तथा निरस्त 360 मत हुए। कुल 13147 मतों की गणना की गई। परिणाम घोषित होते ही विजयी प्रत्याशी के समर्थकों ने खुशी जताते हुए एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। मतगणना स्थल पर एडीएम प्रशासन रजनीश मिश्रा, एसपी ग्रामीण दीक्षा भंवरे, एसडीएम पुवायां सदानंद सरोज, सीओ इशिका सिंह और ज्योति यादव समेत भारी पुलिस बल के साथ पूरे समय मौजूद रहे。
मतगणना संग ही कांटे का रहा त्रिकोणीय मुकाबला
मीरानपुर कटरा। नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव की मतगणना में कड़ा त्रिकोणीय मुकाबला हुआ। पांचवें राउंड तक उम्मीदवारों की सांसें अटकी रही। पहले राउंड में भाजपा उम्मीदवार सोनम गुप्ता को लीड मिली। कांग्रेस दूसरे और डा. पूजा कसाना तीसरे नंबर थीं। दूसरे राउंड से पूजा कसाना ने कांग्रेस उम्मीदवार वाजिद सिद्दीकी को पीछे ढकेल कर बढ़त बनाना शुरू कर दी। भाजपा उम्मीदवार सोनम गुप्ता दूसरे नंबर पर खिसकने लगीं। पांचवें राउंड में पूजा कसाना ने भाजपा को 302 मतों से पीछे कर दिया। कांग्रेस उम्मीदवार तीसरे नंबर पर पहुंच गया। अंतिम छठे राउंड में पूजा कसाना ने भाजपा प्रत्याशी को 401 मतों से पराजित कर दिया।
सपा को नहीं मिला परंपरागत वोट बैंक का साथ
मीरानपुर कटरा। नगर पंचायत कटरा के उपचुनाव में 60 से 65 प्रतिशत तक समुदाय विशेष के मतदाता होने के बावजूद समाजवादी पार्टी को अपेक्षित समर्थन नहीं मिल सका। सपा प्रत्याशी भरत पटेल महज 488 मत हासिल कर पाए और पांच सौ का आंकड़ा भी नहीं छू सके। क्षेत्र में लंबे समय से समुदाय विशेष के वोट बैंक को सपा का पारंपरिक समर्थन माना जाता रहा है, लेकिन इस चुनाव में वोटों का बंटवारा साफ दिखाई दिया। कांग्रेस प्रत्याशी वाजिद सिद्दीकी को 3109 मत मिले, जबकि विजयी प्रत्याशी पूजा कसाना को भी सभी वर्गों से समर्थन मिला। परिणाम ने सपा संगठन की पकड़ पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
सपा, कांग्रेस समेत राष्ट्रीय पार्टियां नहीं बना सकीं जगह
मीरानपुर कटरा। नगर पंचायत कटरा उपचुनाव में क्षेत्रीय दल समर्थित प्रत्याशी ने राष्ट्रीय पार्टियों को पीछे छोड़ दिया। अपना दल एस समर्थित और आल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक प्रत्याशी पूजा कसाना ने जीत दर्ज कर सपा, कांग्रेस और भाजपा जैसी बड़ी पार्टियों के समीकरण बिगाड़ दिए। कांग्रेस इस बार तीसरे स्थान पर पहुंच गई, जबकि समाजवादी पार्टी चौथे स्थान पर सिमट गई। भाजपा दूसरे स्थान तक पहुंचने में सफल रही, लेकिन जीत हासिल नहीं कर सकी। चुनाव परिणाम ने यह संकेत दिया कि स्थानीय मुद्दों और प्रत्याशी की व्यक्तिगत पकड़ ने पार्टी आधारित राजनीति पर बढ़त बनाई। पूजा कसाना को विभिन्न वर्गों से मिले समर्थन ने मुकाबले का रुख बदल दिया।
भाजपा का प्रदर्शन सुधरा, तीसरे से दूसरे स्थान पर पहुंची
मीरानपुर कटरा। नगर पंचायत कटरा के उपचुनाव में भाजपा ने पिछली बार की तुलना में बेहतर प्रदर्शन किया। पिछली बार तीसरे स्थान पर रही भाजपा समर्थित प्रत्याशी इस बार रनरअप रही। भाजपा प्रत्याशी सोनम गुप्ता को 3974 मत मिले और उन्होंने अंत तक कड़ा मुकाबला बनाए रखा। शुरुआती राउंड में भाजपा बढ़त पर भी रही, लेकिन बाद के राउंड में पूजा कसाना आगे निकल गईं। भाजपा ने इस चुनाव में संगठन और प्रचार स्तर पर पूरी ताकत झोंकी थी। हालांकि पार्टी जीत दर्ज नहीं कर सकी, लेकिन वोट प्रतिशत और स्थिति में सुधार को भाजपा खेमे में संतोषजनक प्रदर्शन माना जा रहा है।
प्रमाण पत्र मिलने में देरी पर समर्थकों में दिखा आक्रोश
तिलहर। कटरा नगर पंचायत अध्यक्ष पद के उपचुनाव में मतगणना पूरी होने के करीब दो घंटे बाद तक परिणाम की घोषणा न करने पर अपना दल समर्थित प्रत्याशी पूजा कसाना के समर्थकों ने नाराजगी जताई। प्रत्याशी के पति एवं अपना दल के बरेली मंडल क्षेत्रीय मंत्री दानिश जीशान रजा खान ने अधिकारियों से तीखी नाराजगी व्यक्त करते हुए हंगामा किया। एसडीएम जीत सिंह राय ने बताया कि इंटरनेट संबंधी तकनीकी समस्या के कारण प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया में देरी हुई।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


