Shahjahnpur News: ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर तैयारियां तेज, 24 तक पूरी हों व्यवस्थाएं
Shahjahnpur News: जिला प्रशासन ने ईद-ए-मिलादुन्नबी के लिए तैयारियां तेज की हैं। डीएम धीरेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई, जिसमें जुलूस के मार्ग, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की गई। आयोजकों से पारंपरिक मार्ग का पालन करने और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई।

Shahjahnpur News: ईद-ए-मिलादुन्नबी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में जुलूस आयोजकों, धर्मगुरुओं और गणमान्य नागरिकों की बैठक हुई। इसमें 26 अगस्त को निकलने वाले जुलूस के मार्ग, सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्देश
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को जुलूस मार्ग की सभी समस्याओं का निस्तारण 24 अगस्त तक कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जुलूस निर्धारित और परंपरागत मार्ग से ही निकाला जाए। नई परंपरा शुरू न की जाए। डीजे निर्धारित सीमा से अधिक ऊंचा न हो और भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री न बजाई जाए। जुलूस में किसी अन्य देश का झंडा इस्तेमाल न करने के भी निर्देश दिए।
सुरक्षा संबंधी अपीलें
एसपी सौरभ दीक्षित ने आयोजकों से झंडों को लेकर सतर्कता बरतने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परंपरागत जुलूस की अनुमति प्रक्रिया में सहयोग किया जाएगा, जबकि गैर-परंपरागत जुलूस की अनुमति नहीं होगी।
अन्य व्यवस्थाएं
बैठक में सड़क के गड्ढों की मरम्मत, बिजली के तार ऊंचे कराने और जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं की मांग उठी। धर्मगुरुओं ने लोगों से जुलूस में अनुशासन और स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लंगर की खाद्य सामग्री फेंककर न देने और रिज्क की बरबादी से बचने की अपील की। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत समेत अधिकारी मौजूद रहे।


